मुज़फ्फरनगर को स्मार्ट सिटी बनाने की दिशा में बड़ी पहल, 12 करोड़ रुपये की पहली किस्त स्वीकृत,

मुज़फ्फरनगर के समग्र एवं आधुनिक विकास को नई गति देने की दिशा में प्रदेश सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। नगर को स्मार्ट सिटी स्वरूप में विकसित करने के उद्देश्य से प्रारंभिक चरण में 12 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस निर्णय से शहर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं को आधुनिक स्वरूप देने का मार्ग प्रशस्त होगा। प्रदेश सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा के मार्गदर्शन में आगे बढ़ाया जा रहा है।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के पीछे प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार एवं मुज़फ्फरनगर सदर विधायक कपिल देव अग्रवाल के लगातार प्रयासों और प्रभावी पैरवी की अहम भूमिका बताई जा रही है। कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुज़फ्फरनगर को आधुनिक, स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं नागरिक सुविधाओं से युक्त शहर के रूप में विकसित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नगर के दीर्घकालिक एवं योजनाबद्ध विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा आने वाले समय में इस योजना के लिए धनराशि में निरंतर वृद्धि की जाएगी।

स्वीकृत बजट के माध्यम से शहर में कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। इनमें सड़कों का सुदृढ़ीकरण, आधुनिक एलईडी प्रकाश व्यवस्था, बेहतर जल निकासी प्रणाली, शहर का सौंदर्यीकरण, यातायात प्रबंधन, हरित क्षेत्र विस्तार तथा नागरिक सुविधाओं के उन्नयन जैसे कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं के लागू होने से शहरवासियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं प्राप्त होंगी और नगर का स्वरूप भी तेजी से बदलेगा।

कपिल देव अग्रवाल ने जिलाधिकारी के साथ विस्तृत चर्चा कर मुज़फ्फरनगर के व्यापक विकास के लिए एक दीर्घकालिक रोडमैप तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाएगी ताकि आमजन को योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास, सुशासन और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। मुज़फ्फरनगर को मिली यह सौगात न केवल शहर के विकास को नई दिशा देगी बल्कि व्यापार, रोजगार, निवेश और नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में भी नए अवसर पैदा करेगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts