मुजफ्फरनगर। गंगा दशहरा और शुकतीर्थ मेले के अवसर पर हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं की सेवा के लिए विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा सेवा शिविर लगाए गए। इसी क्रम में शुकतीर्थ में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल की ओर से मीठे शरबत की छबील लगाकर श्रद्धालुओं की प्यास बुझाने का कार्य किया गया। तेज गर्मी और उमस के बीच गंगा स्नान के लिए दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने छबील पर रुककर शीतल शरबत ग्रहण किया और सेवा कार्य की सराहना की।छबील का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने स्वयं श्रद्धालुओं को शरबत वितरित कर किया। इस दौरान अपर मुख्य अधिकारी योगेश कुमार, स्टेनो अक्षय शर्मा, लिपिक सुरेंद्र कुमार तथा भाजपा पदाधिकारी रामकुमार शर्मा सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे। सभी ने श्रद्धालुओं को बड़े सम्मान और विनम्रता के साथ शरबत पिलाया तथा उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा गया। सेवा शिविर में लगातार श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही और स्वयंसेवक पूरी तत्परता के साथ व्यवस्था संभालते नजर आए।
डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि धार्मिक आयोजनों में सेवा का विशेष महत्व होता है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस प्रकार के प्रयास लगातार किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में शीतल पेय और पानी की व्यवस्था करना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। उन्होंने मेले में आए सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उनके सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। वहीं श्रद्धालुओं ने भी सेवा कार्य में जुटे लोगों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह की छबील और सेवा शिविर लंबी यात्रा के दौरान राहत प्रदान करते हैं।शुकतीर्थ क्षेत्र में मेले के दौरान प्रशासनिक व्यवस्थाओं के साथ-साथ सामाजिक सहयोग भी देखने को मिल रहा है। जगह-जगह पेयजल, चिकित्सा सहायता और भोजन वितरण की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और सुविधा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, जिससे गंगा स्नान और धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें।























































