जिला कारागार का औचक निरीक्षण, बंदियों की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

मुजफ्फरनगर में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर जेल प्रशासन की व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पुरुष एवं महिला बैरकों, रसोईघर, अस्पताल, कार्यालय और सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तार से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जेल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बंदियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जाए और नियमित रूप से सफाई अभियान चलाया जाए।निरीक्षण के दौरान रसोईघर में तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता भी परखी गई। जिलाधिकारी और एसएसपी ने जेल प्रशासन को निर्देशित किया कि बंदियों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए और खाने-पीने की व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। अधिकारियों ने पुरुष और महिला बंदियों से सीधे संवाद कर जेल में मिलने वाली सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य समस्याओं की जानकारी ली। बंदियों की शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इसके बाद अधिकारियों ने जेल परिसर में स्थित अस्पताल का निरीक्षण किया और दवाइयों की उपलब्धता, ओपीडी व्यवस्था तथा मरीजों के उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बीमार बंदियों के इलाज में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। गंभीर रोगियों को समय पर उचित उपचार उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने जेल में स्थापित सीसीटीवी कैमरों और जैमर प्रणाली की कार्यप्रणाली को भी जांचा। उन्होंने निर्देश दिए कि शातिर एवं संवेदनशील बंदियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए तथा जेल परिसर के भीतर किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री प्रवेश न कर सके। साथ ही मुलाकाती रजिस्टर और अन्य अभिलेखों के रखरखाव का भी निरीक्षण किया गया। अंत में जिलाधिकारी और एसएसपी ने कारागार में तैनात पुलिस बल को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सतर्कता और अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts