मुजफ्फरनगर में थाना नई मंडी पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को पुलिस मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से छह चोरी की मोटरसाइकिलें, दो अवैध तमंचे तथा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में की गई। अभियान का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव तथा थाना प्रभारी नई मंडी आनंद देव मिश्र द्वारा किया गया।
जानकारी के अनुसार थाना नई मंडी पुलिस टीम टिकैत चौक के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो वाहन चोर एनएच-58 स्थित कूकड़ी ग्राउंड के पास बने खंडहर में चोरी की मोटरसाइकिलें छिपाकर रखे हुए हैं और उन्हें बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया। खुद को घिरा देख दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
पुलिस ने बदमाशों को कई बार आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी लगातार रुक-रुक कर फायरिंग करते रहे। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। घायल अवस्था में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया है। थाना नई मंडी पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच करते हुए मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।























































