मुजफ्फरनगर में थाना तितावी पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के दौरान एक शातिर चोर को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार बघरा रोड से बाईपास अमीनगर जाने वाले कट पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक स्पलेंडर मोटरसाइकिल पर सवार युवक आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी ने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस को संदिग्ध लगने पर उसका पीछा किया गया। इसी दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी, जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
पुलिस टीम ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने दोबारा फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस 315 बोर तथा बिना नंबर प्लेट की स्पलेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई। घायल बदमाश को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में की गई। अभियान में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी फुगाना यतेन्द्र सिंह नागर तथा थाना तितावी प्रभारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय रही। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।























































