चौकीदार की हत्या का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, दो गिरफ्तार.

मुजफ्फरनगर के चरथावल क्षेत्र में किड्स हैवन पब्लिक स्कूल में तैनात चौकीदार की निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस कार्रवाई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रवि शंकर और थाना प्रभारी चरथावल सत्यनारायण के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। जानकारी के अनुसार कस्बा चरथावल निवासी करीब 48 वर्षीय चौकीदार राजू की अज्ञात बदमाशों ने रात के समय धारदार हथियार से सिर और गर्दन पर वार कर हत्या कर दी थी। इस घटना के संबंध में मृतक के भाई आदेश कुमार की तहरीर पर थाना चरथावल में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत संयुक्त टीमों का गठन कर जांच शुरू की और लगातार साक्ष्य जुटाए।

इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या में शामिल आरोपी ग्राम किशनपुरा के जंगल में एक ट्यूबवेल पर छिपे हुए हैं और फरार होने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आत्मरक्षा में नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरे आरोपी को कांबिंग अभियान चलाकर पकड़ लिया गया।गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने ट्यूबवेल में छिपाकर रखे गए हत्या में प्रयुक्त फावड़ा और डंडा बरामद किए हैं। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल और दो अवैध तमंचे के साथ जिंदा और खोखा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और उनसे पूछताछ जारी है, जिससे हत्या के पीछे के कारणों का भी जल्द खुलासा होने की उम्मीद है। इस घटना के खुलासे से क्षेत्र में लोगों ने राहत की सांस ली है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts