मुजफ्फरनगर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा सघन अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी यातायात रविन्द्र प्रताप सिंह और प्रभारी राकेश कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। अभियान के तहत शहर के प्रमुख स्थानों मीनाक्षी चौक, आलू मंडी, शिव चौक, नोवेल्टी चौक, अस्पताल चौराहा और झांसी की रानी क्षेत्र में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। इस दौरान दुकानदारों और ठेला संचालकों द्वारा किए गए अस्थायी कब्जों को हटाकर मार्ग को खाली कराया गया, जिससे यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सके।
अभियान के दौरान नो-पार्किंग क्षेत्रों में खड़े वाहनों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 278 वाहनों के चालान काटे गए। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान जनहित में चलाया गया है, ताकि शहरवासियों को जाम की समस्या से राहत मिल सके और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। लंबे समय से शहर के व्यस्त चौराहों और बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जिसे देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक यातायात नियमों का पालन करें और जिम्मेदार नागरिक बनें। वाहन चलाते समय धैर्य और सतर्कता बनाए रखना बेहद जरूरी है। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, तीन सवारी न बैठाने और शराब पीकर वाहन न चलाने की सलाह दी गई है। साथ ही, वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा और प्रदूषण प्रमाणपत्र साथ रखने की भी हिदायत दी गई है। पुलिस ने यह भी कहा कि निर्धारित गति सीमा का पालन करना न केवल कानूनी जिम्मेदारी है, बल्कि यह स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाई जा सके और लोगों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।























































