न्यूजीलैंड क्रिकेट ने घोषणा की है कि ऑलराउंडर मिचेल सैंटनर ग्रेड-थ्री कंधे की चोट के कारण कम से कम एक महीने के लिए एक्शन से दूर रहेंगे। न्यूजीलैंड की सीमित ओवर टीम के कप्तान मिचेल सैंटनर को आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान कंधे में चोट लगी थी।मुंबई इंडियंस के ऑलराउंडर को इसके बाद कंधे में बर्फ की सिकाई करते हुए देखा गया था। मुंबई इंडियंस ने सैंटनर की जगह कनकशन सब्स्टीट्यूट के रूप में शार्दुल ठाकुर का उपयोग किया था। इस फैसले की वजह से काफी विवाद भी हुआ था क्योंकि कनकशन के तौर पर किसी खिलाड़ी को उसी समय शामिल किया जा सकता है, जब सिर में चोट लगी हो। सैंटनर को कंधे में चोट लगी थी लेकिन इसके बावजूद भी शार्दुल को सब्स्टीट्यूट के तौर पर शामिल किया गया।
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने दी जानकारी
न्यूजीलैंड ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट के जरिए मिचेल सैंटनर की चोट पर अपडेट दिया। बोर्ड ने लिखा, “ब्लैककैप्स ऑलराउंडर और व्हाइट बॉल कैप्टन मिचेल सैंटनर कम से कम एक महीने के लिए बाहर रहेंगे, स्कैन के बाद उनके कंधे में ग्रेड-थ्री की इंजरी का पता चला है। इस चोट का मतलब ये है कि वे आयरलैंड के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट और इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच से बाहर रहेंगे। दूसरे और तसरे टेस्ट के लिए उनकी उपलब्धता को लेकर फैसला बाद में किया जाएगा।”
सैंटनर की जगह केशव महाराज शामिल
सैंटनर के कंधे की चोट की वजह से पूरे सीजन से बाहर होने के बाद मुंबई ने उनके रिप्लेसमेंट का भी एलान कर दिया। साउथ अफ्रीका के दिग्गज स्पिनर केशव महाराज सीजन के बाकी मैचों के लिए एमआई के साथ जुड़ गए हैं। महाराज मुंबई के साथ 75 लाख रुपए में जुड़े हैं। प्रोटीज खिलाड़ी को अब तक एक भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला है।
मुंबई इंडियंस का निराशाजनक प्रदर्शन
आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस का निराशाजनक प्रजदर्शन देखने को मिला है। टीम ने अब तक कुल 8 मुकाबले खेले हैं और मात्र 2 मैचों में जीत मिली है। अपने पिछले मैच में मुंबई ने 243 रन बनाए लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद ने आसानी से जीत हासिल कर ली।















