मुजफ्फरनगर में बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर इंजीनियर्स क्लब द्वारा महावीर चौक पर विगत 22 वर्षों से जारी परंपरा को निभाते हुए शीतल जल सेवा प्याऊ का शुभारंभ किया गया। इस सेवा का उद्घाटन क्लब के संरक्षक इं. लोकेश चंद्रा, इं. अशोक अग्रवाल, अध्यक्ष इं. बी.आर. शर्मा, समाजसेवी श्यामलाल बंसल और सुरेन्द्र अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर एक विशेष सभा का आयोजन भी किया गया, जिसकी अध्यक्षता इं. बी.आर. शर्मा ने की, जबकि संचालन सचिव इं. उमेश चंद वर्मा द्वारा किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए सुरेन्द्र अग्रवाल ने इंजीनियर्स क्लब द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। क्लब के संरक्षक लोकेश चंद्रा ने जानकारी दी कि संस्था केवल शीतल जल सेवा तक ही सीमित नहीं है, बल्कि हर वर्ष वृक्षारोपण, रक्तदान शिविर, निर्धन छात्राओं को स्कूल यूनिफॉर्म वितरण और आशादीप संस्थान के माध्यम से दिव्यांग बच्चों की शिक्षा में सहयोग जैसे कई सामाजिक कार्य भी नियमित रूप से किए जाते हैं।उन्होंने बताया कि यह शीतल जल सेवा लगभग 100 दिनों तक, शिवरात्रि तक लगातार संचालित की जाएगी। इस दौरान प्रतिदिन हजारों राहगीर और यात्री इस सेवा का लाभ उठाते हैं, जिससे गर्मी के मौसम में उन्हें बड़ी राहत मिलती है। इस सेवा का संचालन प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत और सेवानिवृत्त इंजीनियरों के सहयोग से किया जाता है।
कार्यक्रम के अंत में इं. रामबीर सिंह ने सभी उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। इस आयोजन को सफल बनाने में डी.पी. जैन, आर.के. गोयल, बी.बी. गुप्ता, एस.सी. गर्ग, दिनेश कुमार गुप्ता, पी.के. गुप्ता, करण सिंह, आर.एन. यादव, कपिल देव, क्षेत्रीय अध्यक्ष पवन कुमार शर्मा, प्रदीप बंसल, राजीव अग्रवाल, मनोज कुमार और सुनील गुप्ता सहित अनेक इंजीनियर साथियों का विशेष योगदान रहा।























































