मुजफ्फरनगर के पावन तीर्थ शुकतीर्थ (शुक्रताल) में 2 मई से 10 मई तक प्रसिद्ध कथा व्यास मोरारी बापू की भव्य राम कथा का आयोजन किया जाएगा। इस आध्यात्मिक आयोजन का उद्देश्य मानव जीवन के आत्म-उत्थान और कल्याण का संदेश देना है। कथा का शुभारंभ 2 मई को सायं 4 बजे से 7 बजे तक होगा, जबकि इसके बाद प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक कथा वाचन किया जाएगा। यह बापू की 977वीं राम कथा है और शुकतीर्थ में उनका छठा आयोजन है।शुकतीर्थ को विशेष आध्यात्मिक महत्व प्राप्त है, क्योंकि यहीं महर्षि शुकदेव ने राजा परीक्षित को भागवत कथा सुनाई थी। इसी कारण बापू के लिए यहां कथा करना अत्यंत दिव्य अनुभूति माना जाता है। आयोजन स्थल श्री शुकदेव आश्रम में विशाल एसी पंडाल, शुद्ध पेयजल, प्रसाद, स्वच्छता, पार्किंग और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
इस आयोजन के मुख्य यजमान एनआरआई चेतन भाई हैं, जो मूल रूप से गुजरात के निवासी हैं और वर्तमान में युगांडा में रहते हैं। कथा में देश के साथ-साथ अमेरिका, इंग्लैंड और केन्या सहित कई देशों से श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। कथा पूरी तरह निःस्वार्थ और पारमार्थिक है, जिसमें किसी प्रकार का चंदा नहीं लिया जाएगा। सभी वर्गों के लोगों को इसमें आमंत्रित किया गया है।आयोजकों के अनुसार कथा का सीधा प्रसारण आस्था और चित्रकूट जैसे चैनलों के माध्यम से लगभग 170 देशों में किया जाएगा। आयोजन के दौरान गंगा स्नान, गंगा आरती और परिक्रमा की भी व्यवस्था रहेगी। सुरक्षा के लिए पुलिस, मेडिकल टीम, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड तैनात रहेंगे।सत्यप्रकाश रेशू और अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन केवल धार्मिक ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का भी संदेश देगा। विभिन्न समितियां और स्थानीय संस्थाएं आयोजन को सफल बनाने में जुटी हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल सहित कई गणमान्य लोगों ने इसमें सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही है।























































