मीरापुर में पुलिस मुठभेड़: बस यात्रियों के बैग काटने वाले गिरोह के 8 बदमाश गिरफ्तार,

मुजफ्फरनगर जनपद के मीरापुर थाना क्षेत्र में पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बसों में यात्रियों के बैग काटकर आभूषण, नकदी और अन्य सामान चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान इस गिरोह के कुल 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 2 बदमाश घायल हो गए। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि अन्य आरोपियों से पूछताछ जारी है।यह पूरी कार्रवाई मेरठ जोन और सहारनपुर परिक्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी जानसठ ऋषिका सिंह तथा थाना प्रभारी मीरापुर राजीव कुमार के नेतृत्व में टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार, मीरापुर थाना पुलिस और एसओजी देहात की टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मुखबिर से सूचना मिली कि कुतुबपुर झाल के पास सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस के निकट स्थित एक खंडहर में कुछ संदिग्ध लोग इकट्ठा हैं और किसी बड़ी चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खंडहर को घेर लिया।

पुलिस की मौजूदगी भांपते ही बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी और जंगल की ओर भागने लगे। हालांकि पुलिस टीम सतर्क रही और बाल-बाल बच गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने सूझबूझ के साथ घेराबंदी कर आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें दो बदमाश घायल हो गए। मौके से दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अन्य छह आरोपियों को कॉम्बिंग अभियान चलाकर दबोच लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से पुलिस ने 2 अवैध 315 बोर तमंचे, जिन्दा व खोखा कारतूस और 6 अवैध चाकू बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से बसों में यात्रियों को निशाना बनाकर उनके बैग काटकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।फिलहाल पुलिस द्वारा सभी अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। इस सफल कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ही आम जनता में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts