गर्मियां आते ही चेहरे की समस्या सबसे पहले बढ़ने लगती है. तेज धूप,पसीना और धूल की वजह से स्किन पर टैनिंग, डलनेस और ऑयल आना आम बात हो जाती है. कुल मिलाकर कहें तो चेहरे की चमक ही बिल्कुल खत्म हो जाती है. ऐसे में महिलाएं महंगे प्रोडक्ट्स और ब्यूटी ट्रीटमेंट का सहारा लेती हैं. जो कई बार बजट के बाहर हो जाता है. वहीं, केमिकल होने की वजह से चेहरे को नुकसान भी पहुंचा सकता है. इसलिए सबसे अच्छा सॉल्युशन है होम रेमेडीज को फॉलो करना. आजकल वैसे भी ब्यूटी एक्सपर्ट से लेकर ब्यूटी इंफ्लुएंसर घरेलू नुस्खों के बारे में बताते रहते हैं, जिसमें सबसे ज्यादा पॉपुलर है राइज फ्लोर यानी चावल का आटा, जिसे स्किन के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है.चावल का आटा त्वचा को एक्सफोलिएट करने, डेड स्किन हटाने और रंगत निखारने में मदद करता है. अगर इसमें एक खास चीज मिलाकर इस्तेमाल किया जाए, तो इसका असर और भी बढ़ जाता है. खासकर गर्मियों में, जब स्किन को ठंडक और पोषण दोनों की जरूरत होती है, यह घरेलू नुस्खा आपकी त्वचा को फ्रेश, ग्लोइंग और खिला-खिला बनाए रखने में मदद कर सकता है. ऐसे में चलिए जानते हैं चावल के आटे में मिलाने वाली वो खास चीज क्या है.
चावल के आटे में मिला लें ये चीज
हम बात कर रहे हैं एलोवेरा जेल की. इसे आपको चावल के आटे में मिक्स करके चेहरे पर लगाना है. चावल की तरह ही एलोवेरा को भी स्किन के लिए वरदान माना जाता है. इसमें विटामिन A, C, और E भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो त्वचा के लिए शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट का काम करते हैं. इसके अलावा इसमें एंजाइम्स, मिनरल्स (जैसे जिंक और मैग्नीशियम) और अमीनो एसिड भी होते हैं, जो स्किन को पोषण देने के साथ उसे रिपेयर करने में मदद करते हैं.
चावल और एलोवेरा मास्क के फायदे
स्किन को ठंडक और हाइड्रेशन देता है- गर्मियों में तेज धूप और पसीने की वजह से त्वचा में जलन और रूखापन आ सकता है. एलोवेरा जेल जब चावल के आटे के साथ मिलाया जाता है, तो यह त्वचा को तुरंत ठंडक पहुंचाता है और नमी बनाए रखता है. इससे चेहरा ताजा और सॉफ्ट महसूस होता है.
टैन और दाग-धब्बों को कम करता है- एलोवेरा में मौजूद एंटी-इंफ्लेमेटरी और स्किन-हीलिंग गुण टैनिंग को कम करने में मदद करते हैं. चावल का आटा हल्का एक्सफोलिएटर होता है, जो डेड स्किन हटाता है, जबकि एलोवेरा त्वचा को रिपेयर करता है. दोनों का कॉम्बिनेशन चेहरे की रंगत को निखारने में सहायक होता है.
ऑयल कंट्रोल और पिंपल्स से राहत- गर्मियों में ऑयली स्किन और पिंपल्स की समस्या बढ़ जाती है. एलोवेरा में एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं, जो पिंपल्स पैदा करने वाले बैक्टीरिया को कम करते हैं. चावल का आटा एक्सट्रा तेल को सोखता है, जिससे स्किन साफ और मैट दिखती है.
स्किन को बनाता है ग्लोइंग और फ्रेश- एलोवेरा और चावल के आटे का पैक नियमित इस्तेमाल करने से स्किन की टेक्सचर बेहतर होती है. यह चेहरे को नेचुरल ग्लो देता है और थकी हुई त्वचा को फिर से रिवाइव करता है, जिससे चेहरा पूरे दिन खिला-खिला नजर आता है.
कैसे बनाएं फेस मास्क?
चावल के आटे और एलोवेरा का फेस पैक बनान के लिए सबसे पहले 1 बाउल लें और उसमें 1 चम्मच चावल का आटा और 1 चम्मच एलोवेरा जेल मिलाएं. अब दोनों को अच्छे से मिक्स करें. इस फेस पैक को चेहरे पर अच्छे से लगा लें. 15 से 20 मिनट के बाद जब ये अच्छे से सूख जाए तो नॉर्मल पानी से वॉश कर लें. एक बार में ही आपको रिजल्ट दिखने लगेगा.























































