उदयपुर के ऐतिहासिक सिटी पैलेस में रविवार को अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर पहुंचे। जहां मेवाड़ राजपरिवार के सदस्य लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने उनका पारंपरिक और शाही स्वागत किया।इस दौरान राजदूत ने सिटी पैलेस का भ्रमण कर, यहां की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली इतिहास की जानकारी ली।
सिटी पैलेस की भव्यता, स्थापत्य कला और संरक्षण कार्यों को देखकर अमेरिकी राजदूत प्रभावित नजर आए। उन्होंने लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ के साथ मेवाड़ की संस्कृति, विरासत संरक्षण और ऐतिहासिक धरोहरों को सहेजने के प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की। राजदूत ने उदयपुर को विश्व के सबसे आकर्षक और विशिष्ट पर्यटन स्थलों में से एक बताया।
महल में चल रहे संरक्षण कार्यों की सराहना की
राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि, सिटी पैलेस का भ्रमण उनके लिए अत्यंत यादगार अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि यह केवल एक इमारत नहीं, बल्कि इतिहास, संस्कृति और परंपराओं से भरी हुई एक अद्भुत गाथा है। उन्होंने महल में चल रहे संरक्षण कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की विरासत का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के लिए महत्वपूर्ण है।
मुलाकात के दौरान विरासत संरक्षण, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और साझा मूल्यों के माध्यम से वैश्विक संबंधों को मजबूत करने पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने अमेरिकी राजदूत को मेवाड़ की गौरवशाली परंपराओं, ऐतिहासिक धरोहरों और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी।
यह दौरा उदयपुर की सांस्कृतिक पहचान और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रतीक माना जा रहा है। विदेशी प्रतिनिधियों का इस प्रकार शहर की ऐतिहासिक धरोहरों में रुचि लेना न केवल उदयपुर के पर्यटन महत्व को रेखांकित करता है, बल्कि मेवाड़ की समृद्ध विरासत को वैश्विक मंच पर नई पहचान भी दिलाता है।















