मुजफ्फरनगर जनपद के थाना शाहपुर क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी कस्टम और CBI अधिकारी बनकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। मामले में एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने सोशल मीडिया ऐप MOJ के माध्यम से संपर्क कर एक युवती को ब्लैकमेल कर करीब 5 लाख रुपये की ठगी की थी।पीड़िता इकरा पुत्री हारुन निवासी हुजूरनगर ने थाना शाहपुर में लिखित शिकायत देकर बताया कि उसकी बातचीत MOJ एप के जरिए व्हाट्सएप पर हिदायतुल्लाह खान नाम के व्यक्ति से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को कस्टम विभाग और CBI अधिकारी बताकर डराना-धमकाना शुरू कर दिया। आरोपी ने झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर पीड़िता और उसके परिवार से अलग-अलग किस्तों में लगभग 5 लाख रुपये वसूल लिए।
शिकायत के आधार पर थाना शाहपुर पुलिस ने मुकदमा संख्या 85/2026 धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने हजूरनगर मार्ग से एक महिला और एक पुरुष आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 3 डेबिट कार्ड, 3 मोबाइल फोन, एक फर्जी पहचान पत्र, एक फर्जी सर्च वारंट की कॉपी, एक बैंक पासबुक, एक चेक बुक और 2 लाख 760 रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लोगों को सरकारी अधिकारी बनकर धमकाते थे और डिजिटल माध्यम से पैसे ऐंठते थे।पुलिस का कहना है कि यह गिरोह सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग कर लोगों को जाल में फंसाता था। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति की बातों में न आएं और इस प्रकार की घटनाओं की तुरंत पुलिस को सूचना दें।















