मुजफ्फरनगर में अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, दो मजदूर झुलसे; चौकी इंचार्ज सठेड़ी निलंबित

मुजफ्फरनगर। रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर माफी में  उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अवैध रूप से संचालित एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक आग लगने के बाद जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के इलाके में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। इस हादसे में गांव के ही दो युवक कासिफ और उफेजा गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है और उनकी हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।

ग्रामीणों के अनुसार जिस स्थान पर पशुओं के लिए चारा रखा जाता था, उसी घेर में अवैध रूप से पटाखों का निर्माण किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि इस स्थान को लोनी निवासी कुछ लोगों ने किराए पर लेकर पटाखों का निर्माण शुरू कर रखा था। भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री मौजूद होने के बावजूद प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं लग सकी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के घरों में भी कंपन महसूस किया गया और काफी देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने मौके से मिले साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सीओ फुगाना यतेंद्र सिंह नागर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में फैक्ट्री अवैध रूप से संचालित पाई गई है, क्योंकि मौके से किसी भी प्रकार का वैध लाइसेंस या प्रमाण पत्र नहीं मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषियों की तलाश की जा रही है और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने लापरवाही बरतने के आरोप में सठेड़ी चौकी इंचार्ज रूपेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है ताकि अवैध पटाखा फैक्ट्री चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts