मिशन शक्ति 5.0 के तहत बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में जागरूकता व सम्मान समारोह आयोजित.

मुजफ्फरनगर में मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में एक भव्य जागरूकता, संवाद एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, आत्मनिर्भर बनाना तथा समाज में उनकी भागीदारी को और सशक्त करना रहा। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, डॉ. नीलम राय, नगरपालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप तथा पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ सहित कई गणमान्य लोगों ने भाग लिया। सभी अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम के दौरान श्रीराम कॉलेज और पुलिस मॉडर्न स्कूल की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर खेल, शिक्षा, चिकित्सा, योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और महिला सुरक्षा में अहम योगदान देने वाली महिला पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित महिलाओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस विभाग महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने छात्राओं को आत्मरक्षा के प्रति सजग रहने, किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने और हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।डॉ. नीलम राय ने भी अपने संबोधन में दुर्गासप्तशती के माध्यम से नारी शक्ति के महत्व को समझाते हुए महिलाओं को मानसिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनने का संदेश दिया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी खतौली रामआशीष यादव, क्षेत्राधिकारी जानसठ रूपाली राव, क्षेत्राधिकारी ऋषिका सिंह, महिला थाना प्रभारी संगीता डागर, थाना प्रभारी मंसूरपुर आनंद देव मिश्रा, महिला हेल्प डेस्क प्रभारी ज्योति तोमर सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाएं कार्यक्रम में शामिल हुईं। अंत में महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति सामूहिक संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts