मुजफ्फरनगर में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, 6 विधानसभा क्षेत्रों में 18.93 लाख मतदाता दर्ज,

मुजफ्फरनगर में अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत 10 अप्रैल 2026 को अंतिम प्रकाशन कर दिया गया। यह प्रकाशन जनपद स्तर पर जिला निर्वाचन कार्यालय, संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालयों तथा सभी पदाभिहित मतदेय स्थलों पर किया गया। इस प्रक्रिया के तहत जनपद की छह विधानसभा सीटों, बुढ़ाना, चरथावल, पुरकाजी, मुजफ्फरनगर, खतौली और मीरापुर की मतदाता सूची को अद्यतन करते हुए अंतिम रूप दिया गया है।

बुढ़ाना विधानसभा क्षेत्र में 174 मतदान केंद्र और 421 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं, जहां कुल 3,61,405 मतदाता दर्ज हुए हैं। चरथावल में 142 मतदान केंद्र और 374 मतदेय स्थलों के साथ 3,13,058 मतदाता सूची में शामिल हैं। पुरकाजी में 140 मतदान केंद्र और 354 मतदेय स्थलों के अंतर्गत 3,08,413 मतदाता दर्ज किए गए हैं। मुजफ्फरनगर विधानसभा क्षेत्र में 94 मतदान केंद्र और 370 मतदेय स्थलों पर कुल 3,11,887 मतदाता शामिल किए गए हैं। खतौली में 172 मतदान केंद्र और 355 मतदेय स्थलों के साथ 2,99,570 मतदाता हैं, जबकि मीरापुर विधानसभा क्षेत्र में 151 मतदान केंद्र और 361 मतदेय स्थलों पर 2,99,006 मतदाता दर्ज किए गए हैं।

जनपद के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर कुल 873 मतदान केंद्र, 2235 मतदेय स्थल और उतने ही बूथ लेवल अधिकारी तैनात किए गए हैं। पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान कुल 1,76,8369 मतदाता सूची में दर्ज थे, जिसमें 1,33,920 नामों का परिवर्धन और 12,352 नामों का अपमार्जन किया गया। इसके बाद अंतिम प्रकाशन में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 18,93,339 हो गई है।

अंतिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूची एक सप्ताह तक निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेगी। कोई भी मतदाता अपने नाम या अपने परिजनों के नाम की पुष्टि के लिए संबंधित कार्यालय या मतदेय स्थल पर जाकर सूची देख सकता है। इसके अलावा मतदाता ऑनलाइन भी अपना नाम निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश की वेबसाइट ceouttarpradesh.nic.in पर जाकर जांच सकते हैं।

अंतिम प्रकाशन के अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी उमेश मिश्रा द्वारा जनपद के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची की एक-एक प्रति सॉफ्ट और हार्ड कॉपी में उपलब्ध कराई गई। इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय सिंह और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे, जिनमें भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी, आम आदमी पार्टी और कम्युनिस्ट पार्टी के पदाधिकारी शामिल रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts