मुजफ्फरनगर में 15 अप्रैल को मनाया जाएगा किसान दिवस, जिला व ब्लॉक स्तर पर होगा आयोजन,

मुजफ्फरनगर। जनपद के किसानों की समस्याओं के समाधान और उन्हें कृषि से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी 15 अप्रैल 2026 को किसान दिवस का आयोजन किया जाएगा। उप कृषि निदेशक ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को किसान दिवस आयोजित किया जाता है, जिसके क्रम में इस बार अप्रैल माह का किसान दिवस 15 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम दोपहर 12:00 बजे से जिला स्तर पर जिला पंचायत सभा कक्ष में तथा विकास खण्ड स्तर पर प्रत्येक खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न होगा।

उन्होंने बताया कि किसान दिवस का मुख्य उद्देश्य किसानों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका मौके पर ही निस्तारण कराना है। इसके साथ ही कृषि, उद्यान, पशुपालन, सिंचाई, सहकारिता, कृषि विपणन सहित अन्य संबंधित विभागों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी किसानों को दी जाएगी, ताकि किसान इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आय में वृद्धि कर सकें। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे और किसानों द्वारा उठाई गई समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करेंगे।

उप कृषि निदेशक ने सभी जनपदीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित समय पर कार्यक्रम में उपस्थित रहें और अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी किसानों को विस्तार से दें। साथ ही विकास खण्ड स्तर पर तैनात अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने ब्लॉक मुख्यालयों पर आयोजित किसान दिवस में समय से भाग लें और किसानों की समस्याओं का गंभीरता से समाधान सुनिश्चित करें।इस अवसर पर किसानों को नई तकनीकों, उन्नत बीज, फसल सुरक्षा उपायों, कृषि यंत्रों के उपयोग, तथा सरकारी अनुदान योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया जाएगा। अधिकारियों ने किसानों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में किसान दिवस में पहुंचकर अपनी समस्याएं रखें और सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts