मुज़फ्फरनगर। 13 अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के प्रस्तावित मुज़फ्फरनगर आगमन को ऐतिहासिक एवं अभूतपूर्व बनाने के लिए तैयारियां जारी हैं। इसी क्रम में कोर्ट रोड स्थित जिला सहकारी बैंक सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनसभा और वृहद रोजगार मेले की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया। बैठक का नेतृत्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने किया। उन्होंने अधिकारियों और संगठन के पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करते हुए प्रत्येक जिम्मेदारी का स्पष्ट निर्धारण किया।
बैठक में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह दौरा जनपद के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर आयोजित होने वाला वृहद रोजगार मेला युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर लेकर आएगा, जहां विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां प्रशिक्षित और योग्य युवाओं को रोजगार प्रदान करेंगी। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम प्रदेश सरकार की युवा हितैषी नीतियों को धरातल पर उतारने का सशक्त माध्यम बनेगा और अधिक से अधिक युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक होगा।उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएं और अधिकतम संख्या में लोगों को जनसभा में शामिल होने के लिए प्रेरित करें। बूथ स्तर तक जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं ताकि कार्यक्रम में व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित हो सके और आयोजन पूरी तरह सफल बनाया जा सके।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि यह जनसभा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों और सुशासन के प्रति जनता के विश्वास का प्रतीक भी बनेगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने क्षेत्रों से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें और इस आयोजन को ऐतिहासिक सफलता दिलाएं।बैठक के अंत में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि 13 अप्रैल की जनसभा को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। इस अवसर पर कोऑपरेटिव बैंक चेयरमैन रामनाथ ठाकुर, उपसभापति मुकेश जैन, ब्लॉक प्रमुख अमित चौधरी, बिजेंदर मलिक, गन्ना समिति अध्यक्ष शंकर सिंह भोला, निर्भय सहरावत, अनिल त्यागी, हरिंदर शर्मा, विजय चौधरी, जोगिंदर सिंह, अरुण त्यागी, प्रवेश कुमार सैनी, विनोद सैनी, बृजेश रस्तोगी, राजकुमार, विशाल सैनी, प्रमोद राठी, अशोक कुमार, राम नरेश बुढ़ाना, मनोज राजपूत, भारत भूषण त्यागी, अमित सिंह रावल, रजत चौधरी, विपिन त्यागी, प्रवीण कुमार, प्रमोद कश्यप, तरुण पाल, अनार सिंह, पंकज पाल, इंद्रपाल सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
















