मौसम में बदलाव का दौर जारी है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का क्रम चल रहा है। दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।दिल्ली, यूपी, बिहार समेत 11 राज्यों में तूफानी बारिश की चेतावनी है। 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। राजधानी दिल्ली में मौसम का येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसके मुताबिक बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है।
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ जिलों में भूस्खलन और हिमस्खलन की घटनाएं भी हो सकती हैं। पश्चिमी विक्षोभ के चलते हवा की रफ्तार बढ़ेगी और तापमान में गिरावट आएगी। न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी हो सकती है, जिससे खासकर सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस होगी।
आपके राज्य और शहर में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर (8 अप्रैल से 11 अप्रैल): राजधानी दिल्ली के लिए मौसम विभाग (IMD) ने 8 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवा, बादल छाए रहने, बारिश और कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। एक या दो बार बारिश या आंधी-तूफान की संभावना है। 9 अप्रैल को भी आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा। इसके बाद 10 और 11 अप्रैल को मौसम साफ होने की उम्मीद है और तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा। अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
राजस्थान (8 अप्रैल से 10 अप्रैल): राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर व उदयपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में बादल छाए रहने के साथ मध्यम से तेज बारिश होने की प्रबल संभावना है। जयपुर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों में 30 से 50 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है तथा कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की भी चेतावनी दी गई है। भरतपुर, जयपुर संभाग के उत्तरी भागों में हल्की बारिश होने व शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। 9 अप्रैल से आगामी 4-5 दिन तक अधिकांश भागों में मौसम के मुख्यतः शुष्क रहने तथा 10 अप्रैल से तापमान में तीन-चार डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी होने की संभावना है।
मध्य प्रदेश (8 अप्रैल से 11 अप्रैल): मध्य प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी है। मौसम विभाग के अनुसार विदिशा, राजगढ़, रतलाम, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में कहीं-कहीं बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं ग्वालियर, दतिया, भिंड और मुरैना जिलों में आंधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 11 अप्रैल से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे आगे मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है।
उत्तर प्रदेश (8-9 अप्रैल): आगरा, मथुरा, सहारनपुर, हापुड़, मुजफ्फरनगर, ज्योतिबाफुले नगर, बरेली, संभल, बुलंदशहर, शाहजहांपुर, पीलीभीत, मोरादाबाद, पीलीभीत, सीतापुर, बाराबंकी, लखनऊ, कन्नौज, फतेहपुर, कानपुर, प्रतापगढ़, बांदा और लखनऊ में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
बिहार (8 अप्रैल): पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गया, जहानाबाद, पटना, नालंदा, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, सहरसा, अररिया और कटिहार में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
उत्तराखंड (8-9 अप्रैल): नैनीताल, देहरादून, रुद्रप्रयाग, पौड़ी गढ़वाल, चंपावत, पिथौरागढ़, चमोली, बागेश्वर और टिहरी गढ़वाल में हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी।
हिमाचल (8-10 अप्रैल): मंडी, कुल्लू, शिमला, कांगड़ा, लाहौल और स्पीति, किन्नौर, सोलन में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी।
हरियाणा और पंजाब (8 अप्रैल से 10 अप्रैल): पंजाब और हरियाणा की साझा राजधानी चंडीगढ़ में हल्की बारिश की संभावना है। हरियाणा के अंबाला, पंचकुला, नरनौल और रोहतक तथा पंजाब के अमृतसर, रूपनगर, मोहाली, पटियाला, पठानकोट और लुधियाना में भी बारिश की चेतावनी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावनमा है, जो सामान्य से लगभग पांच डिग्री कम है।
आपके शहर में आज कितना रहेगा तापमान
| शहर | अधिकतम तापमान (8 अप्रैल) | न्यूनतम तापमान (8 अप्रैल) |
| दिल्ली | 27°C | 16°C |
| मुंबई | 29°C | 26°C |
| चेन्नई | 33°C | 28°C |
| कोलकाता | 33°C | 23°C |
| लखनऊ | 28°C | 17°C |
| पटना | 31°C | 20°C |
| रांची | 30°C | 19°C |
| भोपाल | 31°C | 21°C |
| जयपुर | 28°C | 17°C |
| शिमला | 14°C | 06°C |
| नैनीताल | 14°C | 08°C |
महाराष्ट्र और गुजरात (8 अप्रैल से 9 अप्रैल): मौसम विभाग के मुताबिक 8 और 9 अप्रैल को गुजरात राज्य में गरज, बिजली और तेज हवाओं (30-40 किमी प्रति घंटे की गति तक) के साथ छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसी के साथ ही महाराष्ट्र के भी कई इलाकों में मौसम खराब होने की संभावना जताई गई है।
तमिलनाडु और पुडुचेरी (8 अप्रैल से 12 अप्रैल): चेन्नई में मध्यम बारिश होने की संभावना है, क्योंकि तेलंगाना से तमिलनाडु होते हुए मन्नार की खाड़ी तक फैले क्षेत्र में निम्न दबाव प्रणाली बनी हुई है। इस मौसम प्रणाली के कारण अगले कुछ दिनों में तमिलनाडु और पुडुचेरी के कुछ हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश होने की आशंका है। तमिलनाडु के पश्चिमी घाट जिलों में 11 और 12 अप्रैल को मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि डेल्टा जिलों में छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। चेन्नई और उसके आसपास के उपनगरीय इलाकों में मध्यम वर्षा से हाल की भीषण गर्मी से अस्थायी राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, बारिश के बावजूद तमिलनाडु और पुडुचेरी में आने वाले दिनों में तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने का अनुमान है।















