तितावी थाने में मिशन शक्ति केन्द्र व साइबर हेल्प डेस्क का निरीक्षण,

मुजफ्फरनगर में पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ द्वारा थाना तितावी का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने थाने में स्थापित मिशन शक्ति केन्द्र और साइबर हेल्प डेस्क की व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। निरीक्षण के समय थानाध्यक्ष पवन कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। मिशन शक्ति केन्द्र पर पहुंचकर उन्होंने महिलाओं से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया, अभिलेखों के रखरखाव तथा जागरूकता गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि महिलाओं की हर शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लेते हुए उसका त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही यह भी कहा कि थाने में आने वाली प्रत्येक महिला को सम्मानजनक व्यवहार के साथ उचित मार्गदर्शन और सहयोग मिलना चाहिए, जिससे उनमें पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हो सके।

निरीक्षण के दौरान साइबर हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली पर भी विशेष ध्यान दिया गया। यहां दर्ज साइबर अपराधों की शिकायतों, उनके निस्तारण की स्थिति और उपलब्ध तकनीकी संसाधनों का अवलोकन करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि साइबर अपराधों के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरती जाए। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसे में पुलिस की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। पीड़ितों को शीघ्र राहत प्रदान करने के लिए त्वरित कार्रवाई बेहद जरूरी है। इसके साथ ही आमजन को साइबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड और अन्य डिजिटल अपराधों से बचाव के लिए जागरूक करने हेतु नियमित अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस कर्मियों को अनुशासन बनाए रखने और अपने कर्तव्यों का निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ पालन करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि पुलिस की छवि जनता के बीच उसके व्यवहार और कार्यशैली से बनती है, इसलिए हर कर्मचारी को अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करना चाहिए। निरीक्षण के दौरान थाने की साफसफाई, रिकॉर्ड व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं पर भी संतोष व्यक्त किया गया, वहीं आवश्यक सुधार के लिए दिशानिर्देश भी दिए गए। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी बनाना रहा, जिससे आम नागरिकों को बेहतर सुरक्षा और सहायता मिल सके।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts