मुजफ्फरनगर में समग्र शिक्षा योजनान्तर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों में जिज्ञासा आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने, वैज्ञानिक सोच विकसित करने और विज्ञान, गणित व प्रौद्योगिकी के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से जनपद स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी एवं क्विज प्रतियोगिता “राष्ट्रीय आविष्कार अभियान” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) परिसर में स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारम्भ नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर की चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप, डायट प्राचार्य विश्वदीपक त्रिपाठी तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सन्दीप कुमार द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सन्दीप कुमार ने पौधा भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से क्विज प्रतियोगिता और विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 5-5 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपने नवाचार और वैज्ञानिक समझ का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में विकासखंड जानसठ के कम्पोजिट विद्यालय मेहलकी की छात्रा सोनिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विकासखंड सदर के कम्पोजिट विद्यालय नसीरपुर के छात्र खालिद ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि विकासखंड पुरकाजी की छात्रा जानवी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा विकासखंड शाहपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय दुलहेरा के छात्र देव कुमार ने चतुर्थ स्थान और विकासखंड खतौली के कम्पोजिट विद्यालय दाहौड़ के छात्र प्रिन्स ने पंचम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
क्विज प्रतियोगिता में विकासखंड जानसठ की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस टीम में छात्रा सिमरा, सुमायला, प्रिन्सी तथा छात्र अन्तरिक्ष और वंश ने भाग लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता बने।कार्यक्रम के अंत में जिला समन्वयक प्रशिक्षण सुशील कुमार ने सभी मुख्य अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने जनसमुदाय को निपुण भारत मिशन की अवधारणा से अवगत कराते हुए कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और निपुण लक्ष्य प्राप्त करने के लिए समाज की सहभागिता बेहद आवश्यक है।कार्यक्रम के सफल आयोजन में एसआरजी उषा रानी, विनित कुमार, रश्मि मिश्रा तथा एआरपी अंकित कुमार, दुष्यन्त कुमार, विवेक कुमार, जयदीप, प्रीति, निशुतोष, पूजा, नरेश कुमार, धर्मवीर सिंह, संगीता जावला और अरशद अली सहित कई शिक्षकों और अधिकारियों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन एआरपी अनुराधा वर्मा और पूर्व एआरपी इरशाद अहमद ने संयुक्त रूप से किया।















