मुजफ्फरनगर। कृषि निदेशालय, उत्तर प्रदेश, कृषि भवन लखनऊ से प्राप्त निर्देशों के क्रम में जनपद मुजफ्फरनगर में कृषि यंत्रों पर अनुदान प्राप्त करने वाले किसानों के चयन के लिए ई-लॉटरी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इस ई-लॉटरी के माध्यम से वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान कृषि यंत्रों पर अनुदान प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन बुकिंग करने वाले किसानों का चयन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और किसानों की उपस्थिति में ई-लॉटरी प्रक्रिया पूरी कराई गई। जनपद के किसानों ने बड़ी संख्या में कृषि यंत्रों पर अनुदान प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन आवेदन किए थे, जिनमें से पात्र किसानों का चयन कंप्यूटराइज्ड ई-लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया गया। चयनित तथा प्रतीक्षारत किसानों की जानकारी स्वचालित रूप से उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर संदेश के रूप में भेज दी गई है, ताकि उन्हें चयन की स्थिति की जानकारी तुरंत प्राप्त हो सके।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि जिन किसानों का ई-लॉटरी में चयन हुआ है, उन्हें निर्धारित अवधि के भीतर अपने कृषि यंत्र की खरीद से संबंधित बिल https://agridarshan.up.gov.in पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। यह समय सीमा किसानों को प्राप्त मोबाइल संदेश में स्पष्ट रूप से बताई गई है। यदि किसी कारणवश चयनित किसान तय समय सीमा के भीतर बिल अपलोड नहीं करते हैं, तो उस स्थिति में प्रतीक्षारत सूची में शामिल किसान का स्वतः चयन कर लिया जाएगा। इस प्रक्रिया का उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक तथा पीएनवी के प्रतिनिधि सहित जनपद के कई सम्मानित किसान भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने किसानों को सरकार द्वारा संचालित कृषि यंत्रीकरण योजनाओं की जानकारी देते हुए इनका अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।अधिकारियों ने बताया कि कृषि यंत्रीकरण योजनाओं के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि उपकरणों पर अनुदान प्रदान किया जा रहा है, जिससे खेती को अधिक आधुनिक, किफायती और उत्पादक बनाया जा सके। यदि किसी चयनित किसान को किसी प्रकार की समस्या या जानकारी की आवश्यकता हो, तो वह उप कृषि निदेशक कार्यालय, मुजफ्फरनगर में संपर्क कर सकता है, जहां उसकी समस्या का समाधान किया जाएगा।















