मुजफ्फरनगर।आगामी त्योहारों को देखते हुए बिजली व्यवस्था को दुरुस्त रखने के उद्देश्य से मुख्य अभियंता विनोद कुमार गुप्ता ने जनपद मुजफ्फरनगर के विभिन्न विद्युत उपकेंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपकेंद्रों पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को उपभोक्ताओं को लगातार और बिना बाधा के बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य अभियंता ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और बिजली आपूर्ति में व्यवधान होने पर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बिजली आपूर्ति से संबंधित व्यवस्थाओं, फीडरों की स्थिति, उपकरणों की कार्यप्रणाली तथा फाल्ट निस्तारण व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि यदि किसी क्षेत्र से फाल्ट की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करें, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी फीडर लंबे समय तक बंद न रहे और बिजली आपूर्ति सुचारु रूप से जारी रहे।
मुख्य अभियंता ने विभाग से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहते हुए त्योहारों के दौरान बिजली व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करना विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है।
मुख्य अभियंता के औचक निरीक्षण से विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए, ताकि त्योहारों के समय जिले में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।















