मुजफ्फरनगर के कमला फार्म हाउस में युगांतर द दून वैली स्कूल द्वारा वार्षिकोत्सव “कुरुक्षेत्र” और “दशावतार” का आयोजन बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस वर्ष समारोह की थीम महाभारत के महान युद्ध और भगवान विष्णु के दस अवतारों पर आधारित रही। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण महाभारत के युद्ध प्रसंगों का सजीव नाट्य रूपांतरण था, जिसने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण, अर्जुन, भीष्म पितामह, दुर्योधन सहित अन्य योद्धाओं की भूमिकाओं को प्रभावशाली ढंग से मंचित किया। संवाद, वेशभूषा और मंच सज्जा ने कुरुक्षेत्र की ऐतिहासिक भूमि का जीवंत दृश्य प्रस्तुत कर तालियों की गड़गड़ाहट बटोरी।
दशावतार प्रस्तुति में भगवान विष्णु के दस अवतारों को सुंदर और प्रेरणादायक अंदाज में दर्शाया गया, जिसमें संदेश दिया गया कि समय-समय पर धर्म, सत्य और न्याय की स्थापना के लिए सकारात्मक परिवर्तन आवश्यक है। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों अशोक कंसल, अंकुर दुआ, मीनाक्षी स्वरूप, संजय मित्तल, अशोक गर्ग, अचिन कंसल, अमित पटपटिया, डॉ. अनुज पटपटिया, विशाल गर्ग, मुकुल दुआ, मोहित गुप्ता, साक्षी कुरदा (वाइस प्रिंसिपल नई मंडी), विक्की जैन (वाइस प्रिंसिपल नचिकेता), प्रबंधक राज किशोर गुप्ता, योगेश जैन, प्रवीण गोयल, रीता गोयल (अध्यात्म गुरु), सिमरन नारंग (कोऑर्डिनेटर) और प्रधानाचार्य सीमा शर्मा द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं गणेश वंदना के साथ हुआ।
प्रधानाचार्य सीमा शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि कुरुक्षेत्र का युद्ध हमें संघर्षों से न घबराने और साहस व विवेक से उनका सामना करने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम में अभिभावकों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही और सभी ने विद्यार्थियों की प्रतिभा तथा शिक्षकों के मार्गदर्शन की सराहना की।
















