मुजफ्फरनगर में व्यापारी सुरक्षा गोष्ठी, होली को लेकर सतर्कता और साइबर फ्रॉड से बचाव के दिए निर्देश.

मुजफ्फरनगर। जनपद में व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। इसी क्रम में रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ की अध्यक्षता में व्यापारी सुरक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में व्यापार मंडल के पदाधिकारी, नगर क्षेत्र के सभी थाना प्रभारी और उपनिरीक्षक, पीडब्ल्यूडी व विद्युत विभाग के अधिकारी, यातायात प्रभारी सहित अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। गोष्ठी का उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं को सुनना, उनकी सुरक्षा संबंधी चिंताओं पर चर्चा करना और त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा।बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध ने व्यापारियों से सीधे संवाद कर सुझाव और प्रतिपुष्टि प्राप्त की। उन्होंने अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी देते हुए भरोसा दिलाया कि पुलिस हर परिस्थिति में व्यापारियों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस द्वारा नियमित गश्त और चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन सुरक्षा के प्रति व्यापारियों को भी सजग रहना होगा। उन्हें अपने प्रतिष्ठानों पर उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने, कैमरों की सही दिशा सुनिश्चित करने और मुख्य मार्गों पर सामूहिक रूप से अतिरिक्त कैमरे स्थापित करने की सलाह दी गई। रात्रि में बाजारों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था रखने, सामूहिक रूप से सुरक्षा गार्ड या चौकीदार नियुक्त करने और अधिक नगदी के परिवहन से पूर्व स्थानीय पुलिस को सूचित करने की अपील भी की गई।

गोष्ठी में साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए ऑनलाइन ठगी और साइबर फ्रॉड से बचाव के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। व्यापारियों को बताया गया कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या लेनदेन से सतर्क रहें और ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें। आपातकालीन सेवाओं के उपयोग और त्वरित सूचना देने के महत्व पर भी जोर दिया गया।आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए। बाजारों में भीड़ के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने, प्रतिष्ठानों के बाहर अनावश्यक भीड़ न लगने देने, हानिकारक रसायनों या अवैध रंगों की बिक्री पर रोक लगाने तथा डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग नियमानुसार करने की हिदायत दी गई। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने और तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की गई। अंत में व्यापार मंडल अध्यक्ष शलभ गुप्ता ने उपस्थित अधिकारियों और सदस्यों को गुलाल और मिष्ठान भेंट कर आपसी सहयोग और भाईचारे का संदेश दिया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts