रोटरी क्लब मुज़फ्फरनगर मिडटाउन का विशाल मेडिकल कैंप,

मुजफ्फरनगर। रोटरी क्लब  मिडटाउन द्वारा नई मंडी स्थित भगवंती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में एक व्यापक एवं सुव्यवस्थित मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 700 छात्राओं के स्वास्थ्य की विस्तृत जांच की गई। कैंप के सफल संचालन के लिए क्लब की ओर से विशेष बस सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिसके माध्यम से मुज़फ्फरनगर मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों की टीम विद्यालय पहुंची। डॉक्टरों ने छात्राओं की सामान्य स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप, हीमोग्लोबिन, पोषण स्तर तथा अन्य आवश्यक परीक्षण किए और जिन छात्राओं में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं पाई गईं, उन्हें मौके पर ही निशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। इस पहल का उद्देश्य किशोरियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समय रहते बीमारियों की पहचान सुनिश्चित करना रहा।

कैंप के दौरान छात्राओं को सेल्फ हाइजीन विषय पर विशेष रूप से जागरूक किया गया। क्लब की ओर से उन्हें स्वच्छता एवं व्यक्तिगत स्वास्थ्य से संबंधित ज्ञानवर्धक पुस्तिकाएं वितरित की गईं, ताकि वे दैनिक जीवन में स्वच्छ आदतों को अपनाकर स्वस्थ रह सकें। साथ ही विद्यालय की शिक्षिकाओं को इसी विषय पर आधारित शैक्षणिक वीडियो की पेन ड्राइव प्रदान की गई, जिससे वे समय-समय पर छात्राओं को मार्गदर्शन दे सकें। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सरोकार निभाते हुए तीन जरूरतमंद बच्चों को साइकिल भी भेंट की गई, जिससे उनकी शिक्षा तक पहुंच सुगम हो सके।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पीडीजी रो बिंदु सिंह, रोटरी पब्लिक इमेज कोऑर्डिनेटर रहीं। कार्यक्रम संयोजक के रूप में शैलेन्द्र शर्मा, रो विनोद वर्मा, सुनील अग्रवाल और रो राजीव गुप्ता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। क्लब अध्यक्ष सुशोभ बिंदल, सचिव गौरव गोयल और कोषाध्यक्ष दीपक सिंघल ने मेडिकल कॉलेज की डॉक्टरों की टीम का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर रो मनोज गुप्ता, देवेंद्र अरोड़ा, कौशल कृष्ण सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। विद्यालय की प्राचार्या डॉ. वंदना शर्मा ने आयोजन के लिए क्लब का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर छात्राओं के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होते हैं तथा भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रहने चाहिए।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts