मुजफ्फरनगर जनपद के थाना शाहपुर क्षेत्र के ग्राम बसीकलां में महिला पर चाकू से हमले और उसकी चार वर्षीय बच्ची के लापता होने की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन मेरठ तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र सहारनपुर के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्र पाल सिंह और थानाध्यक्ष शाहपुर गजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में थाना शाहपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले का खुलासा किया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बसीकलां में अज्ञात व्यक्ति ने एक महिला पर चाकू से हमला कर दिया है तथा उसकी चार वर्षीय बच्ची लापता है। सूचना मिलते ही थाना शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में बच्ची की गहन तलाश शुरू की। तलाश के दौरान बच्ची का शव घर में ही पानी की टंकी में मिला, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने बच्ची के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल भी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने घटना के शीघ्र अनावरण और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया।गठित टीमों ने साक्ष्यों और जांच के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में प्रकाश में आई एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक चाकू भी बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और घटना के पीछे के कारणों की गहन जांच की जा रही है। थाना शाहपुर पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।















