तीन दशक पुरानी किरायेदारी समस्या के समाधान को तेज हुई पहल, मंडल आयुक्त से मिलीं पालिका अध्यक्ष

मुजफ्फरनगर। नगरपालिका परिषद की 17 मार्किट में व्यापार कर रहे करीब 500 से अधिक दुकानदारों की रोजी-रोटी से जुड़ी लगभग तीन दशक पुरानी किरायेदारी समस्या अब समाधान की दिशा में बढ़ती दिखाई दे रही है। पालिका मार्किट के किरायेदार दुकानदारों से जुड़ा यह जटिल मामला पहली बार गंभीर प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी रूप से उठाया गया है। पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने सकारात्मक पहल करते हुए सहारनपुर मंडल आयुक्त डॉ. रूपेश कुमार से भेंट कर समाधान की प्रक्रिया को गति देने का प्रयास किया।नगरपालिका की विभिन्न मार्किट में 15 वर्षीय किरायेदारी, वारिसान प्रकरण और शिकमी किरायेदारी से जुड़े मामले लंबे समय से लंबित हैं। लगभग 17 मार्किट के 500 से अधिक दुकानदार वर्षों से असमंजस और अनिश्चितता की स्थिति में व्यापार कर रहे हैं। सोमवार को पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप ने समस्त नगरपालिका मार्किट एसोसिएशन के पदाधिकारियों तथा पालिका की कार्यवाहक कर अधिकारी पारूल यादव के साथ सहारनपुर में मंडल आयुक्त डॉ. रूपेश कुमार से मुलाकात की।

बैठक में 15 वर्षीय किरायेदारी विवाद, वारिसान मामलों और शिकमी किरायेदारों के प्रकरणों के स्थायी समाधान के लिए प्रशासनिक सहयोग का आग्रह किया गया। विशेष रूप से शिकमी और वारिसान मामलों में नए अनुबंध कराने की स्पष्ट व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा लंबित फाइलों के शीघ्र निस्तारण की मांग रखी गई। साथ ही 15 वर्षीय किरायेदारी विवाद के लिए पारदर्शी और सुलभ प्रक्रिया तय करने के संबंध में मार्गदर्शन मांगा गया।गौरतलब है कि यह मामला करीब 30 वर्षों से लंबित है, जिससे दुकानदारों में असुरक्षा की भावना बनी हुई है। इससे पहले भी पालिका बोर्ड बैठक में नए नियम निर्धारित कर समाधान की दिशा में कदम उठाया गया था। अब उच्च प्रशासनिक समन्वय के माध्यम से इसे अंतिम रूप देने का प्रयास किया जा रहा है।पालिका अध्यक्ष ने कहा कि सभी किरायेदारी मामलों का न्यायसंगत और पारदर्शी समाधान कराया जाएगा, जिससे दुकानदारों को स्थायित्व मिले और पालिका को नियमित राजस्व प्राप्त हो सके। वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप ने भी पहल को सराहनीय बताते हुए प्रशासनिक सहयोग का भरोसा जताया। व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि वर्षों पुरानी यह समस्या अब जल्द सुलझेगी और मार्किट में स्थिर व्यापारिक वातावरण स्थापित होगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts