तुर्की एयरलाइंस के एक यात्री विमान में उड़ान भरने के कुछ समय बाद इंजन में आग लगने की घटना सामने आई, जिसके बाद विमान की कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। यह घटना बुधवार की है, जब नेपाल से इस्तांबुल जा रही तुर्की एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या TK 727 तकनीकी खराबी का शिकार हो गई।जानकारी के अनुसार, उड़ान के दौरान विमान के एक इंजन से आग और धुआं निकलता देखा गया। स्थिति को भांपते हुए पायलट ने तुरंत कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और आपातकाल की सूचना दी। एटीसी ने तत्परता दिखाते हुए विमान को कोलकाता एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति दी और सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सक्रिय कर दिए।विमान के उतरते ही दमकल विभाग, मेडिकल टीम और एयरपोर्ट सुरक्षा एजेंसियां रनवे पर तैनात रहीं। सुरक्षित लैंडिंग के बाद आग पर काबू पा लिया गया। विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, जिससे यात्रियों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए रनवे संचालन प्रभावित रहा, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य कर दी गई। यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर निकालकर टर्मिनल में ले जाया गया और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई।तुर्की एयरलाइंस की ओर से बताया गया है कि घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। तकनीकी टीम इंजन में आग लगने की वजहों की पड़ताल कर रही है। वहीं, नागरिक उड्डयन अधिकारियों ने भी मामले की रिपोर्ट मांगी है। फिलहाल यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत उनके गंतव्य तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
उड़ान भरने के महज चार मिनट बाद लगी आग
टीआईए के महाप्रबंधक टेक नाथ सीताउला के अनुसार, यह घटना दोपहर 1:28 बजे विमान के उड़ान भरने के महज चार मिनट बाद घटी. टीटीएचवाई 727 नंबर वाले इस विमान में उड़ान भरने के तुरंत बाद दाहिने इंजन में आग लगने की सूचना मिली. उन्होंने बताया कि 225 यात्री सवार थे. इंजन में आग लगने की सूचना मिलते ही हवाई अड्डे के अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को लगभग 15 मिनट के लिए पूरी तरह बंद कर दिया.
हवाई अड्डे को अस्थायी रूप से बंद किया गया
सीताउला ने कहा, ‘हमने तुरंत दमकल गाड़ियों और एम्बुलेंस सहित सभी आपातकालीन व्यवस्थाएं तैयार कर लीं और हवाई अड्डे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया. हालांकि, तुर्की के चालक दल द्वारा विमान को कोलकाता की ओर मोड़ने के अपने निर्णय की सूचना देने के बाद, हमने अनुमति दे दी’.उन्होंने कहा, ‘विमान कोलकाता में सुरक्षित रूप से उतर गया है और त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर परिचालन सामान्य हो गया है’. इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है. फिलहाल एयरलाइन द्वारा विमान की जांच की जा रही है.















