बांदा। शहर के सेंट जेवियर्स स्कूल छात्र-छात्राओं की फेयरवेल पार्टी की रील बवाले जान बन गई। रील वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने चार पहिया वाहनों में लटक कर खतरनाक स्टंट करने के मामले में पुलिस ने इनोवा तथा थार गाड़ी को सीज किया है। वहीं अन्य कई गाड़ियों की तलाश जारी है।पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के निर्देशन में जनपद में लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरुक करने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों पर की जा रही कड़ी कार्यवाही के क्रम में सोमवार को सोशल मीडिया पर स्टंट का वीडियो डालने वाले युवकों के चारपहिया वाहनो को सीज करते हुए का चालान किया गया।
सीओ ट्रैफिक प्रतिज्ञा सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर निगरानी के दौरान मीडिया सेल के संज्ञान में एक वीडियो आया था। जिसमें कुछ युवक तथा युवतियों के द्वारा चारपहिया वाहनो पर खतरनाक स्टंट कर रहे थे। वीडियो को संज्ञान में लेकर तत्काल यातायात पुलिस द्वारा कार्यवाही करते हुए वाहन के मालिक पवन पुत्र ब्रजमोहन ग्राम महोखर थाना कोतवाली नगर के वाहन को सीज करते हुए 12500 रुपये का चालान किया गया। वही वाहन के मालिक रामू पुत्र रामसनेही ग्राम कालूकुआं थाना कोतवाली नगर के वाहन को सीज करते हुए 9500 रुपये का चालान किया गया है। साथ ही वाहन मालिको के विरुद्ध निरोधात्मक कार्यवाही करते हुए कड़ी चेतावनी दी गई है। डिप्टी एसपी ने कहा कि पुलिस द्वारा अन्य वाहनों की भी तलाश करते सीज करने की कार्यवाही की जा रही है। पुलिस ने आमजनमानस से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए इस तरह के खतरनाक स्टंट न करें। यह खुद के साथ आमजनमानस के लिए जानलेवा हो सकता है। इसलिए सभी लोग यातायात नियमों का पालन करें।















