आगामी त्योहारों को लेकर, जिलाधिकारी व एसएसपी ने फ्लैग मार्च कर लिया हालात का जायजा

आगामी पर्व व त्योहारों जैसे संत रविदास जयंती, शब-ए-बारात आदि को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और जनपद मुजफ्फरनगर में कानून एवं शांति व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ नगर क्षेत्र में व्यापक फ्लैग मार्च किया। यह फ्लैग मार्च थाना खालापार और कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत प्रमुख चौराहों, व्यस्त बाजारों, संवेदनशील स्थानों तथा मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पुलिस बल के साथ दंगा नियंत्रण उपकरणों सहित निकाला गया, जिससे आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम किया जा सके। फ्लैग मार्च के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, सहायक पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा, थाना प्रभारी कोतवाली नगर बबलू कुमार, थाना प्रभारी खालापार महावीर सिंह सहित पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इस अवसर पर अधिकारियों ने बाजारों और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया, स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों से संवाद किया तथा त्योहारों के दौरान शांति बनाए रखने की अपील की।

जिलाधिकारी और एसएसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क दृष्टि बनाए रखें, लगातार भ्रमणशील रहें, प्रमुख बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त करें तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों, असामाजिक तत्वों और हुड़दंगियों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे त्योहारों के दौरान आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखें, किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध सूचना या अफवाह सामने आए तो उसकी पुष्टि पुलिस या प्रशासन से ही करें। साथ ही सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक, भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट साझा न करने की सख्त हिदायत दी गई और कहा गया कि ऐसे किसी भी प्रयास की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं। फ्लैग मार्च के माध्यम से प्रशासन ने यह संदेश दिया कि जनपद में शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए पुलिस व प्रशासन हर स्तर पर तत्पर है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts