मुजफ्फरनगर कलेक्ट्रेट में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस,

मुजफ्फरनगर। जनपद में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट प्रांगण में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों के साथ राष्ट्रीय गान का सामूहिक रूप से गायन किया गया। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई, जिससे कार्यक्रम का माहौल राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।गणतंत्र दिवस के अवसर पर अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने देश के स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों के त्याग व बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि इन्हीं महान व्यक्तित्वों के संघर्ष और समर्पण के कारण आज हम एक लोक कल्याणकारी गणराज्य में रह रहे हैं, जो पूरे विश्व को नई दिशा देने में सक्षम है। उन्होंने विशेष रूप से उन स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारजनों को नमन किया, जिनके योगदान से मुजफ्फरनगर का नाम स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में गौरव से अंकित है।

जिलाधिकारी ने कहा कि एक स्वतंत्र और सम्मानित नागरिक के रूप में देश की एकता, अखंडता और व्यक्तिगत गरिमा की रक्षा करना हम सभी की समान जिम्मेदारी है। नीति और प्रशासन हमें यह अवसर प्रदान करते हैं कि हम समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचा सकें। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें तथा ऐसे लोगों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करें जो किसी कारणवश विकास की मुख्य धारा से जुड़ नहीं पाए हैं।उन्होंने यह भी कहा कि यदि सभी मिलकर कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करें, तो देश की समृद्धि के साथ-साथ सामाजिक न्याय और समानता को भी मजबूत किया जा सकता है। अंत में जिलाधिकारी ने गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और जनपदवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारजनों को शाल, मिठाई और छाता देकर सम्मानित किया गया, वहीं स्कूली बच्चों को स्कूल बैग और मिठाई वितरित कर प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुशील कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश, उप जिलाधिकारी बुढ़ाना कृष्णकांत, डिप्टी कलेक्टर राहुल देव भट्ट, वरिष्ठ कोषाधिकारी रमेश यादव, प्रशासनिक अधिकारी कलेक्ट्रेट सैफालिका साहनी, शौकत हुसैन, महासचिव उत्तर प्रदेश कलेक्ट्रेट मिनिस्ट्री शाखा मनीष कुमार शर्मा सहित कलेक्ट्रेट के अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts