मुजफ्फरनगर में 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस धूमधाम से मनाया गया, नए मतदाताओं का हुआ सम्मान

मुजफ्फरनगर में 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस जिला पंचायत सभागार में बड़े उत्साह, गरिमा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाताओं को उनके अधिकारों और दायित्वों के प्रति जागरूक करना तथा लोकतंत्र को मजबूत करना रहा। इस अवसर पर राष्ट्रीय मतदाता दिवस जागरूकता पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया, वहीं भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार द्वारा मतदाताओं को जागरूक करने के संदेश का सीधा प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से दिखाया गया। इसे उपस्थित अधिकारियों, वरिष्ठ नागरिकों, विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, अध्यापकों और छात्र-छात्राओं ने गंभीरता से देखा।

कार्यक्रम में देशभक्ति और जागरूकता से जुड़े सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने विशेष आकर्षण पैदा किया। वेद प्रकाश और मदन ढींगरा द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने नागरिकों को मतदान के महत्व का संदेश दिया। युवा कल्याण केंद्र से इकरा ने मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर लोकतांत्रिक भागीदारी का संदेश दिया।जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने इस अवसर पर निर्वाचन कार्य में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 34 बूथ लेवल ऑफिसरों, 10 सुपरवाइजरों तथा स्वीप कार्यक्रमों में सराहनीय कार्य करने वाले 12 कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके 10 नए मतदाताओं को प्रथम बार मतदान करने वाले युवाओं और युवतियों के रूप में मतदाता पहचान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे उनमें लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना जागृत हो।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी लोगों को शपथ दिलाई, जिसमें लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखने, स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव की गरिमा बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार के प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संकल्प लिया गया।

इससे पूर्व उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह ने कलेक्ट्रेट प्रांगण से विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, अध्यापकों और छात्र-छात्राओं द्वारा निकाली गई मतदाता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जनपद के विद्यालयों में भी मतदाता दिवस के अवसर पर रैली, स्लोगन लेखन, निबंध एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से मतदान के प्रति जागरूकता फैलाई गई।

कार्यक्रम का संचालन शैली रंजन ने किया। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश, अपर जिला अधिकारी न्यायिक सुशील कुमार, उप जिलाधिकारी बुढ़ाना, सदर और जानसठ सहित निर्वाचन कार्यालय का समस्त स्टाफ व अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts