मुजफ्फरनगर। शासन के निर्देशानुसार और जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के दिशा-निर्देशन में जनपद मुजफ्फरनगर में आगामी 24 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश दिवस के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में नुमाइश ग्राउंड, मेरठ रोड स्थित सभागार में मुख्य विकास अधिकारी कण्डारकर कमल किशोर देशभूषण की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ एक विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और विभागीय सहभागिता पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में जानकारी दी गई कि उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर नुमाइश ग्राउंड में जनपद के विभिन्न विभागों द्वारा विभागीय स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से आमजन को राज्य एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी। उद्देश्य यह रहेगा कि अधिक से अधिक लोग योजनाओं से परिचित हों और पात्र लाभार्थी लाभ उठा सकें।
इस अवसर पर ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्राम्य विकास, जिला उद्योग, श्रम विभाग, कृषि विभाग, कृषि मंडी एवं सहकारिता, पशुपालन, गन्ना, उद्यान, मत्स्य, पूर्ति, जल निगम, लोक निर्माण, विद्युत, सिंचाई एवं लघु सिंचाई, बाल विकास एवं पुष्टाहार, जिला प्रोबेशन, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण, जिला पंचायत, पंचायती राज, राज्य कर, बैंक, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा, वन, नेडा, शहरी विकास, खाद्य विभाग, नगर पालिका, स्वास्थ्य विभाग तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों ने अपनी-अपनी तैयारियों की स्थिति से अवगत कराया।मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने-अपने स्टॉलों पर योजनाओं के अंतर्गत किए गए उत्कृष्ट कार्यों और प्रमुख उपलब्धियों को अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें। उन्होंने कहा कि इसके लिए वीडियो, ऑडियो-विजुअल प्रस्तुतीकरण, फ्लेक्स, बैनर, पोस्टर और सूचना सामग्री का प्रभावी उपयोग किया जाए, ताकि योजनाओं की प्रगति, लाभार्थियों की संख्या और वास्तविक लाभ स्पष्ट रूप से आमजन तक पहुंच सके। स्टॉलों की साज-सज्जा, सूचनाओं की स्पष्टता और विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया गया।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेन्द्र कुमार ने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करने और निर्धारित समयसीमा के भीतर समस्त तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन के दौरान व्यवस्थाओं, अनुशासन, सुरक्षा और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देने पर बल दिया। साथ ही बताया गया कि उत्तर प्रदेश दिवस कार्यक्रम में पुलिस विभाग और प्रोबेशन विभाग द्वारा नारी शक्ति की थीम पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें महिलाओं की सशक्त भूमिका और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ कुमार मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील कुमार तेवतिया, नगर पालिका की ईओ प्रज्ञा सिंह सहित विभिन्न प्रशासनिक और पुलिस विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश दिवस को जनोपयोगी, सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए सभी विभाग सक्रिय सहभागिता के साथ कार्य करें, ताकि यह आयोजन जनपद के लिए एक यादगार और उपयोगी कार्यक्रम बन सके।
















