मुजफ्फरनगर में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु की महत्वपूर्ण बैठक फेडरेशन ऑफ मुजफ्फरनगर कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के फेडरेशन हाल में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत में सहायक आयुक्त उद्योग द्वारा पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों और की गई कार्यवाहियों की जानकारी जिलाधिकारी को दी गई। इसके पश्चात जिले के विभिन्न औद्योगिक संगठनों से जुड़े उद्यमियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे।
जिलाधिकारी ने उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने उद्योग विभाग को यह भी निर्देशित किया कि उद्योग बंधु की बैठकों की सूचना समय से उद्यमियों और विभागीय अधिकारियों को दी जाए, ताकि सभी अधिकारी स्वयं और समय पर बैठक में उपस्थित रहें।बैठक में विद्युत विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कहीं भी बिजली के तार झुके हुए न रहें। जहां भी इस प्रकार की समस्या है, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना को रोका जा सके। इसके साथ ही सड़कों के संबंध में निर्देश दिए गए कि किसी भी विभाग द्वारा सड़क खोदने से पूर्व संबंधित विभाग से एनओसी अनिवार्य रूप से ली जाए और कार्य पूर्ण होने के बाद सड़क को पूर्व स्थिति में ठीक कराया जाए। सड़क को टूटी अवस्था में छोड़ने पर संबंधित विभाग की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए गए कि सड़क पर लगे बेकार टेलीफोन पोल और विद्युत पोल की जांच कराई जाए और संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर उन्हें हटवाने की कार्रवाई की जाए। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि अरिहंत रोड के निर्माण हेतु टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा, जिस पर औद्योगिक संगठनों ने प्रसन्नता व्यक्त की। वहीं लोक निर्माण विभाग द्वारा रेनबो रोड औद्योगिक आस्थान की सड़क के टेंडर होने और एक सप्ताह के भीतर कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया गया।
जिलाधिकारी ने औद्योगिक संगठनों से अपील की कि औद्योगिक क्षेत्रों के साथ-साथ मुख्य मार्गों पर साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण कार्यों में नगर पालिका के साथ मिलकर सहयोग करें। उन्होंने उद्यमियों को बिजली बिल का ऑनलाइन भुगतान करने के लिए भी प्रोत्साहित किया।बैठक में उद्योगों के मानचित्र स्वीकृति और विभिन्न विभागों से एनओसी मिलने में हो रही देरी के समाधान हेतु उद्योग विभाग और ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर द्वारा तैयार किए गए ‘उद्यमी मित्र ऐप’ की जानकारी दी गई। इसके संचालन के लिए प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें लगभग सभी जिला स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का संचालन सहायक आयुक्त उद्योग आशीष कुमार ने किया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, संयुक्त मजिस्ट्रेट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।















