मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मुजफ्फरनगर नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने शहर की सामाजिक और डिजिटल सुरक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और स्मार्ट सिटी की अवधारणा को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से मुजफ्फरनगर को एक सुरक्षित और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया गया है। इसी कड़ी में नगर पालिका द्वारा भविष्य की कई महत्वाकांक्षी योजनाओं के लिए विस्तृत ब्लूप्रिंट तैयार कराया जा रहा है।
शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए विभिन्न इलाकों में नए पुलिस बूथ और चौकियों के निर्माण का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में नई मंडी रेलवे स्टेशन गेट पर पुलिस चौकी के निर्माण की योजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके अलावा महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख अटल चौक पर पहले ही पिंक पुलिस बूथ की स्थापना की जा चुकी है। यह बूथ मिशन शक्ति के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और त्वरित सहायता के उद्देश्य से कार्य कर रहा है और शहर में महिलाओं के लिए भरोसे का प्रतीक बन रहा है।
डिजिटल सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए नगर पालिका द्वारा 400 सीसीटीवी कैमरे लगाने की व्यापक योजना पर काम शुरू कर दिया गया है। इन कैमरों के माध्यम से पूरे शहर की निगरानी की जाएगी। इसके लिए टाउनहाल परिसर में एक अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड सीसीटीवी कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जहां से 24 घंटे शहर की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। इस कंट्रोल रूम को पुलिस लाइन स्थित सीसीटीवी कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा, जिससे पुलिस द्वारा लगाए गए कैमरों का भी एक्सेस मिल सके और सुरक्षा व्यवस्था को और व्यापक बनाया जा सके। योजना के तहत शहर के प्रवेश मार्गों और मुख्य सड़कों पर नंबर प्लेट रीडर सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी विचार किया जा रहा है, जिससे संदिग्ध वाहनों की पहचान आसान हो सके। इस पूरी परियोजना पर करीब तीन करोड़ रुपये खर्च किए जाने का प्रस्ताव है।
शहर के विकास और सौंदर्यीकरण को गति देने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष ने अधिशासी अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह के साथ एटूजेड रोड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डिवाइडर के सौंदर्यीकरण, रेलिंग लगाने और पौधरोपण कर क्षेत्र को हरा-भरा व स्वच्छ बनाने के निर्देश दिए गए। एटूजेड कॉलोनी गेट पर नाले की पुलिया के रैम्प के धंसने की शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए ठेकेदार पर नाराजगी जताई गई और गुणवत्तापूर्ण रैम्प का दोबारा निर्माण कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही सड़क पर पथ प्रकाश व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नई एलईडी लाइटें लगाने के आदेश दिए गए। रोड किनारे खाली प्लॉटों में फैली गंदगी पर भी सख्ती दिखाते हुए नगर स्वास्थ्य अधिकारी को चालानी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि 2 जून को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के दौरान मुजफ्फरनगर की सामाजिक और डिजिटल सुरक्षा को लेकर विस्तार से चर्चा हुई थी। प्रदेश सरकार द्वारा कुछ नगर पालिकाओं को स्मार्ट सिटी योजना में शामिल करने की तैयारी है, जिसके तहत प्रभावी और बड़ी योजनाओं के प्रस्ताव मांगे गए हैं। इसी क्रम में डिजिटल सुरक्षा को एक प्रमुख परियोजना के रूप में चुना गया है। 400 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे शहर को कवर कर मुजफ्फरनगर को सुरक्षित, स्वच्छ और स्मार्ट शहर के रूप में स्थापित करना ही इस पहल का मुख्य लक्ष्य है।















