मुजफ्फरनगर में कृषि विभाग की आत्मा योजना के अंतर्गत भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की स्मृति में किसान सम्मान दिवस का भव्य आयोजन नुमाइश मैदान में किया गया। इस कार्यक्रम में जनपद के लगभग 650 किसानों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। आयोजन का उद्देश्य किसानों को आधुनिक खेती, नवाचार और लाभकारी कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत लोक गीतों के माध्यम से चौधरी चरण सिंह के योगदान को याद करते हुए की गई, जिससे माहौल भावनात्मक और प्रेरणादायक बन गया।कार्यक्रम का संचालन उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल मौजूद रहे। गन्ना विभाग के वैज्ञानिकों ने किसानों को उन्नत खेती प्रणाली, फसल प्रबंधन और उत्पादन बढ़ाने के आधुनिक तरीकों की जानकारी दी। इस दौरान किसानों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाकर खेती करने के लिए प्रेरित किया गया।जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने अपने संबोधन में किसानों को केले की खेती के बारे में विस्तार से जानकारी दी और बताया कि किस प्रकार केले की उन्नत खेती से किसान कम समय में अधिक मुनाफा कमा सकते हैं।
उन्होंने किसानों से परंपरागत खेती के साथ–साथ नकदी फसलों और विविधीकरण पर भी ध्यान देने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग मुजफ्फरनगर द्वारा ग्रामीण युवा कौशल विकास पर लिखी गई पुस्तक का विमोचन जिलाधिकारी और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया गया। इस पुस्तक का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को कृषि आधारित कौशल विकास से जोड़ना बताया गया। इसके साथ ही गेहूं, सरसों, धान, उड़द, प्राकृतिक खेती और मिलेट्स जैसी फसलों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों को प्रमाण पत्र और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित किसानों में अरविंद मालिक, ध्यान सिंह, माया, प्रदीप शर्मा, धीरदत्त, सुखपाल, हरिओम और भोपाल शामिल रहे।किसान सम्मान दिवस कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी, मीनाक्षी स्वरूप, जानसठ ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र सिंह, धर्मेंद्र मलिक, राम बरन सिंह, अवनीश श्रीवास्तव, राहुल तेवतिया जिला कृषि अधिकारी, सचिन कुमार विषय वस्तु विशेषज्ञ, देशपाल, संजीव और अखिल सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और किसान मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर किसानों ने इस आयोजन को उपयोगी बताते हुए भविष्य में ऐसे और कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की।















