मुजफ्फरनगर में किसान दिवस आयोजित, किसानों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश

मुजफ्फरनगर। शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद के किसान भाइयों की समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण के उद्देश्य से तृतीय किसान दिवस का आयोजन जिला पंचायत सभा कक्ष में किया गया। किसान दिवस की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह ने की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे, जहां उन्हें गत किसान दिवस में दर्ज कराई गई शिकायतों के निस्तारण की स्थिति से अवगत कराया गया। साथ ही कृषि एवं कृषि से जुड़े विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी किसानों को दी गई, ताकि वे सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठा सकें।किसान दिवस के दौरान किसानों ने बिजली, सड़क, तालाबों की सफाई, सिंचाई, कृषि सुविधाओं और अन्य जनसमस्याओं से जुड़े मुद्दे अधिकारियों के समक्ष रखे। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि यदि किसी ट्रांसफार्मर पर एक किसान से विद्युत कनेक्शन की पूरी फीस ली जाती है और उसी ट्रांसफार्मर से अन्य किसान भी कनेक्शन लेते हैं, तो उनसे भी पूरी फीस वसूल की जाती है। इस व्यवस्था को लेकर किसानों में असंतोष की बात सामने आई, जिस पर अपर जिलाधिकारी ने उच्चाधिकारियों से वार्ता कर फीस कम करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।इसके अलावा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जनपद में सड़कों का गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्यों की गुणवत्ता की नियमित जांच की जाए। वहीं, जनपद के खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित तालाबों की नियमित एवं समुचित सफाई कराई जाए, ताकि जल संरक्षण को बढ़ावा मिले और किसानों को सिंचाई में सुविधा प्राप्त हो सके।अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि वे स्वयं संज्ञान लेकर किसानों की शिकायतों का समय से निस्तारण कराएं, ताकि किसानों को बारबार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ें। किसान समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि निस्तारण से संबंधित आख्या की साफ्ट कॉपी जन शिकायत मोबाइल ऐप पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए तथा उसकी हार्ड कॉपी उप कृषि निदेशक कार्यालय में उपलब्ध कराई जाए।इसके साथ ही आगामी किसान समाधान दिवस में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय से उपस्थित रहने के निर्देश भी दिए गए, ताकि किसानों की समस्याओं पर तत्काल निर्णय लिया जा सके। कार्यक्रम के अंत में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने सभी किसानों और अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए किसान दिवस का समापन किया।किसान दिवस में उप निदेशक कृषि प्रमोद कुमार सिरोही सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान बंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों की समस्याओं का समाधान कर उन्हें राहत प्रदान करना रहा, जिससे जनपद में कृषि व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाया जा सके।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts