यूपी में लेखपाल के 7994 पदों पर न‍िकली भर्ती,

सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने राजस्व परिषद के नियंत्रणाधीन लेखपाल के 7,994 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। यह भर्ती प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2025 के अंकों के आधार पर की जाएगी। लंबे समय से लेखपाल भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह एक सुनहरा अवसर माना जा रहा है।आयोग के अनुसार, मुख्य परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 29 दिसंबर से शुरू होगी। अभ्यर्थी 28 जनवरी तक आवेदन और शुल्क जमा कर सकेंगे। आवेदन में संशोधन और शुल्क समायोजन की अंतिम तिथि चार फरवरी 2026 तय की गई है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि इस भर्ती में शामिल होने के लिए पीईटी-2025 उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। पीईटी में प्राप्त अंकों के आधार पर ही अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।

भर्ती प्रक्रिया के तहत पहले लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी, इसके बाद दस्तावेज सत्यापन और अन्य निर्धारित प्रक्रियाओं के माध्यम से अंतिम चयन किया जाएगा। आयोग ने यह भी साफ किया है कि जिन अभ्यर्थियों को शून्य या उससे कम नकारात्मक अंक प्राप्त होंगे, उन्हें मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट नहीं किया जाएगा। भर्ती से जुड़ी सभी विस्तृत जानकारियां आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर उपलब्ध हैं। अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले नोटिफिकेशन को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।

इस भर्ती में कुल 7,994 पदों के लिए चयन किया जाएगा। वेतनमान 21,700 से 69,100 रुपये निर्धारित किया गया है। आवेदन शुल्क सभी वर्गों के लिए 25 रुपये रखा गया है। श्रेणीवार पदों की बात करें तो अनारक्षित वर्ग के लिए 4,165, अनुसूचित जाति के लिए 1,446, अनुसूचित जनजाति के लिए 150, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 1,441 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 792 पद निर्धारित किए गए हैं।

क्षैतिज आरक्षण के अंतर्गत महिला, दिव्यांगजन, भूतपूर्व सैनिक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रित और उत्कृष्ट खिलाड़ियों को आरक्षण का लाभ मिलेगा। शैक्षणिक अर्हता के रूप में अभ्यर्थी का इंटरमीडिएट या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। आयु सीमा 18 से 40 वर्ष रखी गई है, जिसमें नियमानुसार छूट दी जाएगी।

लिखित परीक्षा 100 अंकों की होगी, जिसमें 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा की अवधि दो घंटे की होगी और इसमें निगेटिव मार्किंग लागू रहेगी। परीक्षा में इतिहास, संविधान, अर्थव्यवस्था, भूगोल, समसामयिक घटनाएं, विज्ञान, कंप्यूटर, सूचना प्रौद्योगिकी और उत्तर प्रदेश से संबंधित सामान्य ज्ञान से प्रश्न पूछे जाएंगे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts