मुजफ्फरनगर में अधिवक्ताओं द्वारा प्रस्तावित बंद को लेकर समर्थन लगातार बढ़ता नजर आ रहा है इसी क्रम में शिव सेना ने भी अधिवक्ताओं के आंदोलन के समर्थन में खुलकर साथ देने का ऐलान किया है। मंगलवार को शिव सेना के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक प्रकाश चौक स्थित संगठन कार्यालय पर आयोजित की गई, जिसमें जिले की मौजूदा परिस्थितियों और अधिवक्ताओं की मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शिव सेना अधिवक्ताओं द्वारा प्रस्तावित बंद का पूर्ण समर्थन करेगी और संगठन के कार्यकर्ता इस बंद को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।बैठक की अध्यक्षता सहारनपुर मंडल अध्यक्ष शरद कपूर ने की, जबकि संचालन की जिम्मेदारी निकुंज चौहान ने निभाई। बैठक के दौरान वक्ताओं ने कहा कि अधिवक्ता समाज न्याय व्यवस्था की रीढ़ है और उनकी मांगों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
शिव सेना ने स्पष्ट किया कि वह सदैव अन्याय के खिलाफ और न्याय की लड़ाई में अधिवक्ताओं के साथ खड़ी रहेगी।बैठक संपन्न होने के बाद शिव सेना के पदाधिकारी सामूहिक रूप से कचहरी पहुंचे, जहां बार संघ की बैठक में भाग लिया गया। इस दौरान शिव सेना की ओर से बार संघ के सचिव को एक लिखित समर्थन पत्र सौंपा गया, जिसमें अधिवक्ताओं के प्रस्तावित बंद को पूर्ण समर्थन देने की बात कही गई। समर्थन पत्र सौंपते समय शिव सेना नेताओं ने भरोसा दिलाया कि संगठन का हर कार्यकर्ता अधिवक्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा।इस मौके पर शिव सेना नेता बिट्टू सिखेड़ा ने कहा कि अधिवक्ताओं की मांगें केवल उनके हितों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे पूरे समाज में न्याय और व्यवस्था को मजबूत करने से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने बताया कि बंद के दिन शिव सेना के कार्यकर्ता सुबह से ही बाजारों में जाकर व्यापारियों और आम नागरिकों से बंद के समर्थन में सहयोग की अपील करेंगे, ताकि यह बंद शांतिपूर्ण और प्रभावी ढंग से सफल हो सके।अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि यदि अधिवक्ताओं की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया गया, तो इससे न्यायिक व्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। शिव सेना ने प्रशासन से भी अपील की कि अधिवक्ताओं की समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए, ताकि आमजन को भी राहत मिल सके।बैठक एवं कचहरी में हुए कार्यक्रम के दौरान शरद कपूर, बिट्टू सिखेड़ा, सुरेंद्र शर्मा, निकुंज चौहान, मुकुल, रोहित धीमान, अवनीश कुमार पाल, चेतन देव आर्य, सुनील कुमार और सोनवीर सिंह सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। शिव सेना के इस समर्थन के बाद अधिवक्ताओं के प्रस्तावित बंद को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
















