बांग्लादेश में प्याज की कीमतें अचानक दोगुनी हो गई हैं, जिससे आम जनता की रसोई का बजट बिगड़ गया है। राजधानी ढाका के साथ-साथ चिटगांव, राजशाही और खुलना के बाजारों में प्याज 110 से 120 टका प्रति किलो तक बिक रही है, जबकि कुछ दिन पहले यही प्याज 60 टका प्रति किलो मिल रही थी। खुदरा विक्रेताओं का कहना है कि थोक बाजारों में ही दाम बढ़े हुए मिल रहे हैं, इसलिए उन्हें भी ऊंचे दामों पर बिक्री करनी पड़ रही है।
BBC बांग्ला की रिपोर्ट के अनुसार, देश में प्याज का घरेलू स्टॉक लगभग खत्म होने वाला है और भारत से आयात रुका हुआ है। भारत सरकार ने घरेलू कीमतों को नियंत्रित करने के लिए प्याज के निर्यात पर रोक लगाई थी, जिसका सीधा असर बांग्लादेशी बाजारों पर पड़ा है। कंज्यूमर एसोसिएशन ऑफ बांग्लादेश ने इस तेजी को अनुचित बताया है और आरोप लगाया कि कुछ व्यापारी कृत्रिम कमी दिखाकर दाम बढ़ा रहे हैं ताकि सरकार आयात की अनुमति दे दे।
इस बीच, रबी सीजन की प्याज की फसल भी इस साल देर से तैयार हो रही है, जिससे आपूर्ति पर और असर पड़ा है। विशेषज्ञों का कहना है कि स्थिति को संभालने के लिए बाजार पर सख्त निगरानी और जरूरत पड़ने पर तुरंत आयात की अनुमति देना जरूरी है, ताकि उपभोक्ताओं को जल्द राहत मिल सके।















