राजगढ़ (अलवर)। राजगढ़ कस्बे के कांकवाड़ी बाजार स्थित गुरुद्वारा में बुधवार को सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी का 556वां प्रकाशोत्सव बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर गुरुद्वारा सिंह सभा राजगढ़ की ओर से तीन दिवसीय अखंड पाठ साहिब का आयोजन किया गया, जिसका बुधवार सुबह 10 बजे विधिवत समापन किया गया। इसके बाद दोपहर को कीर्तन दरबार सजाया गया, जिसमें भाई हरनेक सिंह और सरदार सुरजीत सिंह ने शबद गायन व गुरुबाणी कीर्तन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्ति रस से भर दिया। दोपहर के समय गुरु के अटूट लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया।
सांय 9 बजे विशेष कीर्तन दरबार एवं बच्चों का कवि दरबार भी आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों से गुरु नानक देव जी के उपदेशों और शिक्षाओं को जीवंत कर दिया। इसके उपरांत गुरु का अटूट लंगर हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सेवाभाव से हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, सेवा और भाईचारे की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली। इस अवसर पर समाज के अनेक गणमान्य नागरिक, नगरवासी और सिख समुदाय के सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का विशेष योगदान रहा।























































