अलवर जिले में आबकारी विभाग की टीम ने अवैध शराब के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई नयाबास चौराहे के पास स्थित देवयानी हॉस्पिटल के पास एक मकान में की गई, जहां से भारी मात्रा में नकली शराब और उससे जुड़ी सामग्री बरामद हुई। जानकारी के अनुसार, आबकारी पुलिस ने छापेमारी के दौरान 6 पेटी देशी शराब, आरएमएल ब्रांड के 37 पव्वे और रॉयल स्टैग के 5 पव्वे जब्त किए। इसके साथ ही रॉयल स्टैग के 135 ढक्कन और एमसीडी ब्रांड के करीब 400 ढक्कन भी बरामद हुए हैं।
मौके से पुलिस ने आरोपी दीपक गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी आरएमएल देशी शराब को रॉयल स्टैग की बोतलों में भरकर ऊंचे दामों पर बेचता था। यह नकली शराब स्थानीय बाजार में बड़ी मात्रा में खपाई जा रही थी। आबकारी विभाग की टीम को लंबे समय से इलाके में नकली शराब की बिक्री की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद विशेष टीम बनाकर दबिश दी गई।
आबकारी पुलिस के अनुसार, जब्त की गई शराब और सामग्री को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, ताकि इसकी गुणवत्ता और संरचना की पुष्टि की जा सके। विभाग ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के बाद इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आबकारी विभाग ने जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान को और तेज करने की घोषणा की है।















