अलवर जिले के टहला थाना क्षेत्र से दहेज उत्पीड़न का एक हृदयविदारक मामला सामने आया है। दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता प्रियंका मीना की ससुरालवालों ने बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसके गर्भ में पल रहे तीन से चार महीने के भ्रूण की मौत हो गई। पीड़िता की हालत गंभीर बताई जा रही है और वह वर्तमान में अलवर के राजकीय महिला अस्पताल के वार्ड नंबर 28 के बेड नंबर 02 पर भर्ती है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता के पिता हरसहाय मीना निवासी बडला, तहसील राजगढ़ ने अपने दामाद सर्वेश मीना, सास नर्बदा देवी, ससुर लहरीप्रसाद मीना और ननद राहुल मीना के खिलाफ मारपीट, दहेज उत्पीड़न और गर्भपात कराने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2023 में प्रियंका का विवाह सर्वेश मीना निवासी बिगोता से हुआ था, जिसमें एक मोटरसाइकिल, एक लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और घरेलू सामान दिया गया था।
इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग लगातार अधिक दहेज की मांग करते रहे और कुछ माह पूर्व प्रियंका को घर से निकाल दिया था। 24 अक्टूबर को समझाइश के बाद उसे ससुराल वापस भेजा गया, लेकिन अगले ही दिन 25 अक्टूबर को उसकी फिर से बेरहमी से पिटाई की गई। आरोप है कि गर्भवती प्रियंका के पेट में लात मारी गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और भारी रक्तस्राव हुआ।
पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।















