पंजाब पुलिस के पूर्व DGP और कांग्रेस की पूर्व मंत्री रजिया सुल्ताना के पति मोहम्मद मुस्तफा इन दिनों अपने जीवन के सबसे मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। पंचकूला पुलिस ने सोमवार को मुस्तफा, उनकी पत्नी रजिया सुल्ताना, बेटी और बहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह मामला उनके बेटे अकील अख्तर की संदिग्ध मौत से जुड़ा है, जिसकी लाश 17 अक्टूबर को पंचकूला सेक्टर-4 स्थित घर से बरामद हुई थी।
शुरुआती जांच में अकील की मौत को ड्रग्स ओवरडोज़ से हुई आत्महत्या बताया गया था, लेकिन अब केस ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस को मिले कुछ वीडियो और डिजिटल साक्ष्यों से यह मामला पारिवारिक विवाद और आत्महत्या के उकसावे से जुड़ा बताया जा रहा है। एक वीडियो में अकील ने अपने पिता मोहम्मद मुस्तफा पर गंभीर आरोप लगाए थे। उसने कहा था कि उसके पिता के उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध हैं और उसने खुद यह राज़ उजागर किया है।
अकील के आरोपों के बाद पुलिस ने इस मामले को हत्या या आत्महत्या के उकसावे की दिशा में जांचना शुरू कर दिया है। फिलहाल पंचकूला पुलिस ने चारों पर आईपीसी की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
सूत्रों के अनुसार, मोहम्मद मुस्तफा इस समय अपने पैतृक गांव हरड़ा खेड़ी (जनपद सहारनपुर, उत्तर प्रदेश) में हैं। वे अपने कानूनी सलाहकारों से परामर्श कर रहे हैं और आगे की रणनीति तैयार कर रहे हैं।
गौरतलब है कि पूर्व डीजीपी मुस्तफा का विवादों से पुराना नाता रहा है और उनके बेटे की रहस्यमय मौत ने अब पूरे मामले को और पेचीदा बना दिया है।















