मुजफ्फरनगर। सिसौली स्थित किसान भवन में आज किसान मसीहा महात्मा महेंद्र सिंह टिकैत की 90वीं जयंती के अवसर पर भव्य हवन और कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय किसानों और प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और हवन में आहुति देकर अपने किसान मसीहा को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि किसान समाज के उत्थान के लिए सभी सदैव समर्पित रहेंगे और महेंद्र सिंह टिकैत जी के आदर्शों का पालन करेंगे। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि अपने किसान मसीहा के बताए मार्ग पर चलना ही उनकी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने यह भी बताया कि 17 अक्टूबर को पूरे उत्तर प्रदेश में किसानों की सभी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को जिलाधिकारियों के माध्यम से ज्ञापन प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं, युद्धवीर सिंह ने कहा कि सामाजिक जागरूकता के बिना समाज में सशक्तता और विकास संभव नहीं है और आंदोलन के माध्यम से ही समाज में बदलाव लाया जा सकता है।
कार्यक्रम में किसानों ने महेंद्र सिंह टिकैत के जीवन और उनके संघर्षों को याद किया और उनके द्वारा दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर किसान समुदाय ने एकजुट होकर अपने अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भी किसानों के लिए उनकी उपलब्धियों और संघर्षों की सराहना की। हवन और कार्यक्रम का माहौल अत्यंत भक्तिमय और उत्साहपूर्ण रहा।
















