मुजफ्फरनगर में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश शासन द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान (फेज-5.0) के तहत जनपद में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में जनपद के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में स्कूलों, कॉलेजों, गांवों, कस्बों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और धार्मिक स्थानों पर जाकर महिलाओं व बालिकाओं को आत्मरक्षा और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
इस अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने छात्राओं और महिलाओं को बताया कि किसी भी आपात स्थिति में वे हेल्पलाइन नंबरों जैसे डायल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वुमेन पावर लाइन-1090 और ट्विटर सेवा के माध्यम से तुरंत सहायता प्राप्त कर सकती हैं। टीमों ने यह भी समझाया कि शासन द्वारा महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता दी गई है तथा किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या हिंसा की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।
कार्यक्रम के दौरान एंटी रोमियो टीमों ने बालिकाओं को आत्मविश्वास बढ़ाने और आत्मरक्षा के गुर सीखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्हें समाज में अपनी भूमिका को सशक्त और स्वतंत्र रूप से निभाने का संदेश दिया गया। पुलिसकर्मियों ने अभिभावकों और शिक्षकों से भी अपील की कि वे अपने आस-पास के माहौल में जागरूकता फैलाएं ताकि महिलाएं और बालिकाएं भयमुक्त वातावरण में जीवन जी सकें।
मिशन शक्ति अभियान के तहत यह पहल मुजफ्फरनगर में महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित हो रही है।















