मुज़फ्फरनगर महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन, सशक्तिकरण व विश्वास का वातावरण बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान के तहत रविवार को जनपद में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। मिशन शक्ति अभियान (फेज-5.0) के अंतर्गत जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, नगर पालिका चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप, ईओ प्रज्ञा सिंह, पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा तथा क्षेत्राधिकारी फुगाना रूपाली राव चौधरी ने संयुक्त रूप से “मिशन शक्ति एवं साइबर जागरूकता एक्सप्रेस” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि यह एक्सप्रेस वाहन डिजिटल डिस्प्ले स्क्रीन के माध्यम से मिशन शक्ति व साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता संदेश, लघु फिल्में और गाइडलाइन शहरभर में प्रदर्शित करेगा। वाहन के जरिए आमजन को साइबर अपराधों से बचाव, महिला सुरक्षा, हेल्पलाइन सेवाओं तथा मिशन शक्ति के उद्देश्यों के बारे में जानकारी दी जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान 1090 महिला हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा, 181 महिला सहायता सेवा, 1930 साइबर अपराध रिपोर्टिंग हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तथा 1098 बाल सहायता हेल्पलाइन जैसे महत्वपूर्ण नंबरों का प्रचार-प्रसार किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की भावना को सशक्त बनाना तथा नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना है। इस अवसर पर साइबर थाना प्रभारी सुल्तान सिंह, कोतवाली नगर प्रभारी उमेश रोरिया सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

















