मुजफ्फरनगर। प्रदेश सरकार के कौशल विकास एवं व्यावसायिक शिक्षा मंत्री और मुजफ्फरनगर के विधायक कपिल देव अग्रवाल ने कम्पनी बाग के सामने टाटा टेक्नोलॉजी द्वारा निर्माणाधीन सीआईआईआईटी (Centre for Innovation, Incubation and Training – CIIIT) कॉलेज के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। यह संस्थान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी सोच और मंत्री कपिल देव अग्रवाल के सतत प्रयासों का परिणाम है। लगभग ₹262 करोड़ की लागत से तैयार हो रहा यह अत्याधुनिक कॉलेज मुजफ्फरनगर सहित पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार के नए अवसर प्रदान करेगा।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह संस्थान युवाओं को एडवांस ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिक व्हीकल, असेंबली लाइन टेक्नोलॉजी, ड्रोन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी अत्याधुनिक तकनीकों में प्रशिक्षित करेगा, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।
गौरतलब है कि अब तक उत्तर प्रदेश में कुल पाँच CIIIT कॉलेज स्थापित किए गए हैं, जिनमें से एक मुजफ्फरनगर में बन रहा है। यह संस्थान न केवल तकनीकी शिक्षा का केंद्र बनेगा, बल्कि युवाओं को उद्योगों से जोड़कर प्रदेश और देश के विकास में नई ऊर्जा का संचार करेगा।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि योगी सरकार का लक्ष्य केवल डिग्रियाँ देना नहीं, बल्कि युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा से सशक्त बनाना है। ITI, Polytechnic और अब CIIIT जैसे संस्थान प्रदेश को तकनीकी दृष्टि से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि ‘एक जिला – एक उत्पाद’, ‘विक्रेता सम्मान योजना’, ‘स्टार्टअप इंडिया’ और ‘स्किल इंडिया’ जैसी योजनाएँ युवाओं को रोजगार और उद्यमिता से जोड़कर उत्तर प्रदेश को देश की तकनीकी शक्ति के रूप में स्थापित कर रही हैं।















